जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य को मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है और पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में एक भी पेपर लीक की घटना नहीं हुई। उन्होंने कहा कि सरकार ने युवाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया उपलब्ध कराई है। मुख्यमंत्री राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर बिड़ला ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार ने चार लाख सरकारी और छह लाख निजी क्षेत्र में रोजगार देने का लक्ष्य रखा था, जिसमें अब तक सवा लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। सीएम ने बताया कि रविवार को वह अजमेर जिले के कड़ेल गांव गए थे, जहां पिछले ढाई वर्षों में 13 युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। उन्होंने कहा कि इसी गांव से आरएएस भर्ती परीक्षा का टॉपर भी निकला है, जो ग्रामीण प्रतिभाओं की क्षमता को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गांवों में युवाओं के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित कर रही है। प्रत्येक ग्राम पंचायत में अटल ज्ञान केन्द्र स्थापित किए जाएंगे, जहां लाइब्रेरी और ई-लाइब्रेरी की सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि किसान और मजदूर का बेटा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए शहरों पर निर्भर न रहे और गांव में ही बेहतर संसाधन मिलें। उन्होंने कहा कि जिन विभागों को पहले घाटे वाला माना जाता था, आज वे मुनाफे में आ रहे हैं। राजस्थान रोडवेज का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि पहले एक बस का भी पता नहीं चलता था, लेकिन अब रोडवेज लाभ में है। साथ ही डेयरी और सहकारिता क्षेत्र में भी युवाओं की भागीदारी बढ़ी है। सीएम ने बताया कि सरकार ने सहकारिता क्षेत्र में 10 लाख नए सदस्य बनाए हैं और अब हर ग्राम पंचायत में सहकारिता यूनिट स्थापित करने की योजना है, ताकि युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिल सकें। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महान गणितज्ञ एवं खगोलशास्त्री ब्रह्मगुप्त के नाम पर “ब्रह्मगुप्त पुरस्कार” शुरू करने की घोषणा की। यह पुरस्कार विज्ञान, गणित, नवाचार और अनुसंधान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले वैज्ञानिकों, विद्यार्थियों और प्रतिभाशाली व्यक्तियों को प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार राजस्थान की वैज्ञानिक विरासत को सम्मान देने के साथ नई पीढ़ी को नवाचार और अनुसंधान के लिए प्रेरित करेगा। उल्लेखनीय है कि ब्रह्मगुप्त का जन्म 7वीं शताब्दी में जालोर जिले के भीनमाल में हुआ था। मुख्यमंत्री ने जयपुर के कोचिंग हब में युवाओं के लिए एक अत्याधुनिक इनोवेशन सेंटर स्थापित करने की घोषणा भी की।
