– विधायक गणेशराज बंसल ने विकास के नाम पर मांगा जनसमर्थन, आप नेता सचिन कौशिक के समर्थन से बदले चुनावी समीकरण
हनुमानगढ़। नगर परिषद चुनाव को लेकर वार्ड नंबर 48 में सियासी हलचल तेज हो गई है। चुनावी माहौल के बीच टीम गणेशराज बंसल की प्रत्याशी मोनिका गौतम स्वामी के चुनाव कार्यालय का भव्य उद्घाटन विधायक गणेशराज बंसल ने किया। उद्घाटन समारोह में समर्थकों, कार्यकर्ताओं और वार्डवासियों की उत्साहपूर्ण मौजूदगी ने प्रत्याशी के पक्ष में बन रहे माहौल को और मजबूत कर दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक गणेशराज बंसल ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में वार्ड में सड़क, पेयजल, सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण विकास कार्य करवाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि कभी कस्बे जैसा नजर आने वाला क्षेत्र अब लगातार हो रहे विकास कार्यों के चलते शहर का स्वरूप ले रहा है। विधायक ने कहा कि पूर्व में कई सभापति रहे, लेकिन वार्ड के विकास पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया। वर्तमान में शुरू किए गए विकास कार्यों को आगे भी निरंतर जारी रखा जाएगा तथा आने वाले समय में विकास की गति को और तेज किया जाएगा। उन्होंने वार्डवासियों से टीम गणेशराज बंसल की प्रत्याशी मोनिका गौतम स्वामी के पक्ष में मतदान कर उन्हें विजयी बनाने की अपील की।
सचिन कौशिक के समर्थन से बढ़ी सियासी गर्मी
कार्यक्रम के दौरान आम आदमी पार्टी के विधानसभा प्रत्याशी सचिन कौशिक ने टीम गणेशराज बंसल को समर्थन देने की घोषणा की। उन्होंने वार्डवासियों से विकास और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए मोनिका गौतम स्वामी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। सचिन कौशिक के समर्थन की घोषणा के बाद वार्ड 48 के चुनावी समीकरणों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। समर्थकों ने इसे प्रत्याशी के पक्ष में महत्वपूर्ण राजनीतिक समर्थन बताते हुए जीत का दावा किया। कार्यालय उद्घाटन के बाद कार्यकर्ताओं ने वार्ड में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने, घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से संवाद करने और विकास कार्यों का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में टीम गणेशराज बंसल के पदाधिकारी, समर्थक, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।
