श्रीगंगानगर। लायंस इंटरनेशनल प्रांत 3233-ई-1 के अंतर्गत लायंस क्लब श्रीगंगानगर ‘विकास’ द्वारा बुधवार को सेवा, समर्पण एवं मानवता के संकल्प के साथ नए सेवा वर्ष 2026-27 का शुभारंभ किया गया। श्री जगदंबा अंध महाविद्यालय में आयोजित समारोह में समाज में स्वास्थ्य सेवाओं एवं आर्थिक सुदृढ़ता में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले चिकित्सकों और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स का सम्मान किया गया। सीएमडी लायन विनोद सेठी ने बताया कि समारोह में पद्मश्री स्वामी ब्रह्मदेव जी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति में सेवा भावी चिकित्सक डॉ. प्रेमपाल आहुजा, डॉ. जितेन्द्र नागपाल, डॉ. मनीषा नागपाल कटारिया, डॉ. सरिता उपनेजा एवं डॉ. करण आहुजा सहित चार्टर्ड अकाउंटेंट सीए साहिल मिड्ढा, सीए तनीशा खुराना तथा सीए नरेश जनवेजा को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए फूलमालाएं पहनाकर एवं अभिनंदन-पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इससे पूर्व नए सेवा वर्ष के शुभारंभ अवसर पर क्लब परिवार द्वारा सुखाड़िया सर्किल स्थित श्रीगौशाला में गौमाता को हरा चारा अर्पित कर मानव एवं जीव सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई गई। कार्यक्रम का संचालन लायन पारुल भाटिया ने किया। समारोह के मुख्य अतिथि पद्मश्री स्वामी ब्रह्मदेव जी महाराज ने अपने आशीर्वचन में कहा कि जीवन की वास्तविक सार्थकता मानवता की सेवा में निहित है। उन्होंने कहा कि जब हम किसी की सहायता के लिए आगे बढ़ते हैं तो वह केवल एक कार्य नहीं, बल्कि मानवता के प्रति हमारा समर्पण होता है। उन्होंने आह्वान किया कि समाज में सेवा का ऐसा दीप जलाया जाए, जिसकी रोशनी वर्षों तक लोगों का मार्ग प्रशस्त करती रहे। कार्यक्रम के सारस्वत अतिथि स्वामी निजानंद जी महाराज ने कहा कि समाज के स्वास्थ्य की रक्षा करने वाले चिकित्सक और देश की आर्थिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने वाले चार्टर्ड अकाउंटेंट वास्तव में राष्ट्र निर्माण के प्रमुख आधार स्तंभ हैं। उन्होंने लायंस क्लब के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए सदस्यों को निरंतर परोपकार के मार्ग पर अग्रसर रहने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथियों में श्रीगौशाला सुखाड़िया सर्किल श्रीगंगानगर के पूर्व अध्यक्ष रमेश खदरिया, रीजन चेयरमैन एमजेएफ लायन दीपक वाट्स, रीजन चेयरमैन अरुण लोहिया तथा पीआरओ लायन आशीष अरोड़ा शामिल रहे। अतिथियों एवं पदाधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि चिकित्सक अपने ज्ञान और सेवा से मानव जीवन की रक्षा करते हैं, जबकि चार्टर्ड अकाउंटेंट अपनी ईमानदारी एवं वित्तीय मार्गदर्शन से व्यापार और देश की आर्थिक प्रगति को सुनिश्चित करते हैं। ऐसे में नए सत्र के पहले ही दिन इन दोनों वर्गों का सम्मान करना क्लब के लिए गौरव का विषय है। कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों ने ‘सेवा ही हमारा धर्म’ के मूल मंत्र को दोहराते हुए आगामी वर्ष में सामाजिक कल्याण से जुड़े विभिन्न प्रकल्पों को गति देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष लायन रमेश बलाना, सचिव लायन प्रेम लूना, कोषाध्यक्ष लायन प्रदीप अरोड़ा, क्लब एडमिनिस्ट्रेटर एवं सीएमडी लायन विनोद कुमार सेठी, लायन डॉ. सरिता उपनेजा, लायन पारुल एवं ब्रह्म भाटिया, लायन सतीश चावला, लायन सरिता अरोड़ा, लायन अनिता बलाना, भामाशाह गुरमीत महल तथा एमजेएफ लायन संदीप एवं नीरू अनेजा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आयोजन संयोजक एमजेएफ लायन संदीप-नीरू अनेजा ने सभी का आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात उपस्थित अतिथियों एवं सदस्यों के लिए पौष्टिक अल्पाहार की व्यवस्था की गई।
