- केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल बोले-भाईचारा, समानता और सामाजिक समरसता को मजबूत करना अभियान का उद्देश्य
हनुमानगढ़। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में समरसता संकल्प अभियान के तहत निकाली जा रही कलश यात्रा सोमवार को हनुमानगढ़ पहुंची। जंक्शन स्थित श्री गुरु रविदास गुरुघर में कलश यात्रा के पहुंचने पर पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद आयोजित कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल सहित भाजपा के कई नेताओं ने शिरकत की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जन्म जयंती के कार्यक्रम देशभर में शुरू हो चुके हैं और माघ पूर्णिमा पर इनका समापन होगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक समरसता का संकल्प लेने का अभियान है। समाज में भाईचारा बढ़े, समानता का भाव मजबूत हो और असमानता की नींव कमजोर हो, इसके लिए संत रविदास महाराज की शिक्षाओं एवं सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत संत रविदास महाराज की जन्मस्थली काशी से हुई है। वहां से कलश देशभर में विभिन्न स्थानों पर पहुंच रहे हैं। जहां संत रविदास महाराज के मंदिर हैं, वहां पूजा-अर्चना एवं उत्सव आयोजित किए जा रहे हैं। वहीं, जिन स्थानों पर मंदिर नहीं हैं, वहां अन्य मंदिरों में संत रविदास महाराज की पूजा-अर्चना कर सामाजिक समरसता एवं भाईचारे का संदेश दिया जा रहा है।
श्रेष्ठ कार्यकर्ताओं को टिकट देने पर जोर
पंचायत एवं निकाय चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर मेघवाल ने कहा कि चुनाव राजनीतिक विषय है और संगठन के कार्यकर्ता इसकी तैयारियों में जुटे हुए हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के स्तर पर भी संगठन की बैठकें लेकर कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों के लिए दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि टिकट वितरण में श्रेष्ठ एवं मजबूत कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देने से पार्टी को अधिक से अधिक सीटों पर सफलता मिल सकती है।
वंदे मातरम को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मेघवाल ने वंदे मातरम को लेकर कांग्रेस के रवैये पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने तुष्टिकरण की राजनीति के चलते राष्ट्रीय गीत के सम्मान के मामले में उचित व्यवहार नहीं किया। उन्होंने कहा कि देश की भावनाओं और राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान के साथ किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने इस पूरे प्रकरण की जांच की आवश्यकता भी जताई। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू, भाजपा नेता अमित सहू, लोकसभा प्रत्याशी प्रियंका बैलान, डॉ. भारतभूषण शर्मा, देवेन्द्र पारीक, गौरव जैन, नारायण राम नायक, सुशील जोशी, जसप्रीत सिंह जेपी, नितिन बंसल सहित भाजपा के अन्य नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
