हनुमानगढ़। ग्राम कोहला स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में चोरी की घटना के मामले में एफआईआर दर्ज होने के बावजूद कार्रवाई आगे नहीं बढ़ने से ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने सोमवार को जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर टाउन पुलिस थाना में दर्ज एफआईआर का शीघ्र अनुसंधान करवाने की मांग की। ग्रामीण भादरराम यादव ने बताया कि 27 जुलाई को राजकीय प्राथमिक विद्यालय कोहला की प्रधानाध्यापक अंजू मीणा की ओर से विद्यालय परिसर में चोरी की घटना को लेकर एफआईआर दर्ज करवाई गई थी। विद्यालय से राज्य सरकार एवं दानदाताओं की ओर से उपलब्ध करवाई गई सामग्री तथा विद्यालय संचालन से संबंधित जरूरी दस्तावेज चोरी हुए हैं। इसके चलते विद्यालय के नियमित संचालन में परेशानी आ रही है। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर में चोरी की घटना होना गंभीर विषय है। घटना के बाद से ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। उनका आरोप है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद से अब तक मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक से मांग की कि मामले का शीघ्र अनुसंधान करवाकर चोरी की घटना का खुलासा किया जाए तथा चोरी हुई सामग्री एवं दस्तावेज बरामद करवाए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रकरण का जल्द निस्तारण होने से विद्यालय का संचालन सुचारू रूप से हो सकेगा और विद्यार्थियों व ग्रामीणों को राहत मिलेगी। इस मौके पर विजय स्वामी, भजनलाल, संदीप, रणवीर, हनुमान, ओमप्रकाश, राजेन्द्र, सुनील सहित कई अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
