हनुमानगढ़। राजस्थान शारीरिक शिक्षा शिक्षक संघ के तत्वावधान में बीकानेर संभाग स्तरीय शारीरिक शिक्षा स्नेह मिलन कार्यक्रम का आयोजन टाउन स्थित वीएम पब्लिक स्कूल परिसर में किया गया। कार्यक्रम में संभाग भर से आए शारीरिक शिक्षा अध्यापकों ने हिस्सा लेते हुए संगठन की मजबूती और विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वहीं व्यापार मंडल अध्यक्ष बालकृष्ण गोल्याण, राजस्थान शारीरिक शिक्षा शिक्षक संघ के कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष श्रवण बिश्नोई एवं कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष भावना चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। राजस्थान शारीरिक शिक्षा शिक्षक संघ के प्रदेश महामंत्री नवदीप शर्मा, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामलाल जाखड़, प्रदेश संयुक्त मंत्री मंजीत चौधरी, सदस्य हरप्रीत सिंह, पुरुषोत्तम मिड्ढा तथा पूर्व जिलाध्यक्ष जनक सिंह भी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्थान शारीरिक शिक्षा शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष विक्रम बेनीवाल ने की। संघ की प्रदेश कार्यकारिणी की ओर से शिक्षा मंत्री के नाम मांग पत्र तैयार कर मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू के माध्यम से प्रेषित किया गया। इस मांग पत्र में शारीरिक शिक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों और समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। कार्यक्रम में राजस्थान शारीरिक शिक्षा शिक्षक संघ के प्रदेश संरक्षक आत्माराम बेनीवाल, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष जय नारायण न्यौल, पूर्व जिलाध्यक्ष जनक सिंह, जिला कोषाध्यक्ष हंसराज शर्मा, सदस्य दर्शन सिंह बराड़, जिला महिला मंत्री कृष्णा स्वामी एवं पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश झोरड़ सहित अन्य पदाधिकारियों ने संगठन के समक्ष आ रही समस्याओं और उनके समाधान को लेकर अपने विचार व्यक्त किए। जिलाध्यक्ष विक्रम बेनीवाल ने अपने संबोधन में संगठन की एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि एकता में बल है और यदि सभी शिक्षक संगठित होकर अपनी आवाज उठाएंगे तो उनकी मांगें अवश्य पूरी होंगी। उन्होंने सभी सदस्यों से संगठन को मजबूत बनाने और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से अधिकारों की प्राप्ति के लिए निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों के बीच आपसी संवाद, समन्वय और संगठनात्मक मजबूती पर विशेष जोर दिया गया। स्नेह मिलन के माध्यम से शिक्षकों ने एक-दूसरे के अनुभव साझा किए और भविष्य की रणनीति पर भी चर्चा की।
