-सीमित संसाधनों के बीच मेहरवाला के करण ने 97.60% अंक हासिल कर बढ़ाया क्षेत्र का मान
हनुमानगढ़। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा मंगलवार को घोषित किए गए कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणाम में हनुमानगढ़ जिले के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया। टाउन स्थित स्वामी विवेकानंद विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय के छात्रों ने उत्कृष्ट परिणाम देकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

विद्यालय के छात्र हितेश पुत्र बंशीलाल ने 98.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। हितेश गांव 19 एसएसडब्ल्यू के निवासी हैं। उनकी इस शानदार उपलब्धि से परिवार, विद्यालय और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। वहीं विज्ञान संकाय में कर्ण पुत्र मिठ्ठू राम ने 97.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कर्ण ने बिना किसी कोचिंग के यह उपलब्धि हासिल की है। ग्रामीण क्षेत्र मेहरवाला में रहते हुए सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने कड़ी मेहनत के दम पर यह मुकाम प्राप्त किया।

परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को रंग-गुलाल लगाकर तथा पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में उत्साह और उल्लास का वातावरण देखने को मिला।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बंशीलाल 19 एसएसडब्ल्यू, महावीर सोनी, स्नेहा गोयल तथा रामपाल उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास से ही जीवन में सफलता प्राप्त की जा सकती है।विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. दिव्या शर्मा तथा व्यवस्थापक योगेश शर्मा ने बताया कि इस वर्ष विद्यालय का परीक्षा परिणाम अत्यंत उत्कृष्ट रहा है। कक्षा 12वीं कला संकाय में हितेश ने 98.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं मुस्कान ने 94.80 प्रतिशत तथा जिज्ञासा ने 92.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

विज्ञान संकाय में करण पुत्र मिठ्ठू राम, निवासी मेहरवाला ने 97.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर श्रेष्ठ प्रदर्शन किया। वहीं कृषि संकाय में मोनू पुत्री प्रहलाद ने 92.60 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय और अपने परिवार का नाम रोशन किया। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार इस वर्ष कक्षा 12वीं की परीक्षा में कुल 65 विद्यार्थियों ने भाग लिया था। इनमें से 24 विद्यार्थियों ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए, जो विद्यालय में दी जा रही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का प्रमाण है। विद्यालय प्रबंधन ने सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों की मेहनत की सराहना की। मेधावी छात्र हितेश और कर्ण ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता तथा गुरुजनों को दिया। उन्होंने बताया कि नियमित अध्ययन, समय का सही उपयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन से उन्हें यह सफलता मिली है।

दोनों छात्रों ने भविष्य में भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयनित होकर देश की सेवा करने का लक्ष्य बताया। इसी तरह कृषि संकाय की छात्रा मोनू ने भी अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को देते हुए कहा कि वह भविष्य में प्रशासनिक सेवा में जाकर समाज और देश के लिए कार्य करना चाहती है। विद्यालय प्रबंधन ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रबंधन ने कहा कि विद्यार्थी इसी तरह मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ आगे बढ़ते रहें और अपने जीवन के लक्ष्यों को प्राप्त करें। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक देवीलाल न्यौल, रामचंद्र सुथार, रविन्द्र कुमार, संजय वर्मा, लक्ष्मण, दीपेश, सुधीर सहित अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे। समारोह के दौरान सभी ने मेधावी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी सफलता पर गर्व व्यक्त किया।
