हनुमानगढ़। गांव मक्कासर स्थित गुरु अंगद देव पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शुक्रवार को आयोजित समारोह में सत्र 2025-26 की कक्षा 10वीं व 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंध समिति के पदाधिकारियों ने मेधावी विद्यार्थियों को राजस्थानी साफा व मेडल पहनाकर अभिनंदन किया। इसके बाद विद्यार्थियों की ओर से गांव में रैली निकालकर उपलब्धि का उत्सव मनाया गया।

विद्यालय के विद्यार्थियों ने इस वर्ष भी बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया। कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। इसमें हरप्रीत कौर और रिया ने संयुक्त रूप से 94.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया।

कक्षा 12 के कुल 27 विद्यार्थियों में से 9 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए, जबकि सभी विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। वहीं कक्षा 10वीं में कुल 32 विद्यार्थियों में से 22 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में सफलता हासिल की। इस कक्षा में सर्वाधिक अंक 87 प्रतिशत दर्ज किए गए।

विद्यालय व्यवस्थापक राकेश भांभू ने बताया कि पिछले लगभग 20 वर्षांे से विद्यालय का परीक्षा परिणाम लगातार उत्कृष्ट रहा है। हर वर्ष की तरह इस बार भी विद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर नई मिसाल कायम की है और पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा है। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी परंपरा को बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
