हनुमानगढ़। गुरुसर गांव से एक 12 वर्षीय बालक के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों की ओर से काफी तलाश के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने पर टाउन थाने में सूचना दी गई। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार गुरुसर निवासी हरदेव सिंह (51) पुत्र मोहर सिंह मजहबी ने रिपोर्ट दी कि 7 जून की रात वह अपने परिवार के साथ घर पर सोया हुआ था। 8 जून की सुबह करीब 8 बजे उठने पर उसका 12 वर्षीय पुत्र गुरविन्द्र सिंह उर्फ काजू घर पर नहीं मिला। परिजनों ने पहले आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी खोजबीन की गई, फिर भी बालक का कोई पता नहीं चल सका। रिपोर्ट के अनुसार घर से जाते समय गुरविन्द्र सिंह ने फीके गुलाबी रंग की टी-शर्ट, मूंगिया रंग का लोवर पहन रखा था तथा उसके पास नीले रंग का बैग भी था। बालक का रंग सांवला है और उसकी लम्बाई लगभग 4 फुट 6 इंच बताई गई है। परिजनों की शिकायत पर टाउन थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल कृष्ण कुमार को सौंपी गई है। पुलिस बालक की तलाश में जुटी हुई है तथा संभावित स्थानों पर जानकारी जुटाई जा रही है।
