हनुमानगढ़। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध शराब बरामद की है। जिला आबकारी अधिकारी संजीव पटावरी के निर्देश पर गोगामेड़ी क्षेत्र में संयुक्त रेड व गश्त के दौरान टीम ने एक प्रकरण दर्ज करते हुए देसी शराब (सीएल) से भरे 240 पव्वे बरामद किए। कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया। वहीं दूसरी कार्रवाई में गांव डबली बास मौलवी में दबिश देकर एक रिहायशी मकान से गुरजंट सिंह के कब्जे से प्लास्टिक जरीकन में भरी करीब 52 लीटर हथकढ़ शराब बरामद की गई। इस दौरान आरोपी गुरजंट सिंह भी मौके से फरार हो गया। दोनों मामलों में आबकारी विभाग ने अलग-अलग अभियोग दर्ज कर लिए हैं तथा फरार आरोपियों की तलाश जारी है। आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
