-प्रशासन की पहल रंग लाई, 3 साल से अटका स्कूल भूमि पट्टा हुआ जारी
संगरिया। स्थानीय महात्मा गांधी राजकीय स्कूल नंबर 2 के लिए राहत भरी खबर है। पिछले तीन वर्षों से नगर पालिका बोर्ड और स्कूल प्रशासन के बीच अटका हुआ स्कूल की जमीन का पट्टा आखिरकार जारी कर दिया गया है। एसडीएमसी सदस्यों का आरोप है कि पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष और पार्षदों ने जानबूझकर स्कूल का पट्टा रोके रखा था। बताया गया कि वार्ड नंबर 2 से 12 तक के बच्चों के भविष्य से जुड़े इस संस्थान के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार किया गया। यहाँ तक कि पिछले दो वर्षों से गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस पर बच्चों को मिलने वाली मिठाई तक बंद कर दी गई थी। प्रशासनिक तत्परता से मिली सफलता नगर पालिका बोर्डका कार्यकाल समाप्त होने के बाद, वर्तमान प्रशासक एवं उपखंड अधिकारी जय कौशिक, अधिशाषी अधिकारी पवन कुमार और सहायक प्रशासनिक अधिकारी अरविंद खन्ना ने मामले की गंभीरता को समझा। इनके प्रयासों से पट्टा तैयार कर स्कूल प्रशासन को सौंप दिया गया। इस उपलब्धि में स्कूल की प्रिंसिपल डॉ. सुगंधा बहल, विधायक प्रतिनिधि व् पूर्व पालिका अध्यक्ष अशोक कुमार चौधरी संपादक संघ अध्यक्ष व समाजसेवी अमरनाथ पेंटर, समाजसेवी अशोक कुमार जैन और स्कूल स्टाफ का विशेष प्रयास रहा। पट्टा मिलने पर स्कूल प्रबंधन ने प्रशासन का आभार व्यक्त किया और खुशी जताई। इसी क्रम में पी एम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रियासतकालीन स्टेट स्कूल प्रतिनिधि सोम सेन व राजकीय चिकित्सालय के प्रभारी डॉ अरविंद शर्मा को उनके भवन का पट्टा भी जारी किया। इस मौके पर संगरिया पुलिस थाना प्रभारी अमर सिंह, भूमि शाखा प्रभारी रोशन लाल आदि मौजूद रहे।
