हनुमानगढ़। टिब्बी तहसील के कुलचंद्र गांव में 602 आरडी खाले के निर्माण में कथित अनियमितताओं और लंबे समय से पानी नहीं मिलने की समस्या को लेकर किसानों ने सोमवार से बेमियादी धरना शुरू कर दिया। किसानों ने प्रशासन से जल्द वार्ता की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। धरने पर बैठे किसानों का आरोप है कि खाले के निर्माण के दौरान भारी भ्रष्टाचार हुआ, लेकिन इसके बावजूद आज तक उनके खेतों तक पानी की एक बूंद भी नहीं पहुंची। किसानों का कहना है कि करीब 11 वर्षांे से वे इस समस्या से जूझ रहे हैं, लेकिन प्रशासन ने कोई ठोस समाधान नहीं किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द कोई जिम्मेदार अधिकारी वार्ता के लिए नहीं पहुंचा तो इसके परिणामों की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। किसानों ने स्पष्ट किया कि अब वे आर-पार की लड़ाई लड़ने के मूड में हैं और अपने हक के लिए संघर्ष जारी रखेंगे। इस आंदोलन को लोक जनशक्ति पार्टी ने भी समर्थन दिया है। पार्टी के जिलाध्यक्ष विकास झोरड़ ने कहा कि किसानों के इस संघर्ष में पार्टी पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है और न्याय दिलाने तक आंदोलन जारी रहेगा।
