ऐलनाबाद। जिला में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए सीआईए सिरसा पुलिस ने डिंग क्षेत्र से एक व्यक्ति को 1 किलो 394 ग्राम गांजा पत्ती सहित गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इस संबंध में जानकारी देते हुए सीआईए सिरसा पुलिस टीम के प्रभारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के नेतृत्व में जिले भर में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सीआईए सिरसा की एक पुलिस टीम गश्त और चेकिंग के दौरान डिंग क्षेत्र में मौजूद थी। उन्होंने बताया कि इस दौरान एक व्यक्ति हाथ में प्लास्टिक का पॉलिथिन लिए पैदल आता दिखाई दिया। पुलिस की गाड़ी को देखकर वह घबरा गया और अचानक वापस मुड़कर खिसकने का प्रयास करने लगा। शक के आधार पर पुलिस टीम ने उसे काबू कर लिया। पुलिस ने नियमानुसार राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में प्लास्टिक के पॉलिथिन की तलाशी ली तो उसमें से 1 किलो 394 ग्राम गांजा पत्ती बरामद हुई। गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान दलीप कुमार उर्फ दीपू पुत्र सुधो यादव निवासी सिरसा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना शहर डिंग में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीआईए सिरसा प्रभारी ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि पूछताछ के दौरान गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी हासिल कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सके।
संवाददाता- रमेश भार्गव
