-मेगा पीटीएम में विद्यार्थियों का सम्मान, 10वीं में ऐशदीप ने 95.17% अंक प्राप्त कर बढ़ाया विद्यालय का गौरव
टिब्बी। कस्बे में स्थित कुंवर गौर एजुकेशन ट्रस्ट के तत्वावधान में संचालित डीएवी पब्लिक स्कूल टिब्बी में सोमवार को मेगा पीटीएम एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों की वर्षभर की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए अभिभावकों को बच्चों की प्रगति रिपोर्ट से अवगत करवाया गया। कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट अध्यक्ष विजय सिंह ने विद्यालय के गौरवशाली परीक्षा परिणाम की जानकारी देते हुए बताया कि कक्षा 10वीं, 8वीं एवं 5वीं का परिणाम शत-प्रतिशत रहा है। कक्षा 10वीं की छात्रा ऐशदीप ने 95.17 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल करते हुए शानदार प्रदर्शन किया।

इसी कक्षा की 11 छात्राओं ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया, जबकि 17 छात्राएं 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर गार्गी पुरस्कार के लिए चयनित हुई हैं। सम्मान समारोह में कक्षा 10वीं की मेरिट सूची में प्रथम स्थान पर ऐशदीप, द्वितीय स्थान पर रोमिका, तृतीय स्थान पर सहजप्रीत, चतुर्थ स्थान पर रोबिन कौर तथा पांचवें स्थान पर महकप्रीत रहीं। इसके अलावा हंसिका, अलवीना हसन, अरमान सिंह, प्राची, दिव्या और इशप्रीत कौर ने भी टॉप-11 में स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। समारोह के दौरान प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मेडल और साफा पहनाकर सम्मानित किया गया।

वहीं नर्सरी से 9वीं कक्षा तक का स्थानीय परीक्षा परिणाम भी शत-प्रतिशत रहा, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को गोल्ड, सिल्वर और ब्रोंज मेडल प्रदान किए गए। विद्यालय के निदेशक राजवीर सिंह और प्राचार्य सुनील कुमार नागपाल ने स्टाफ सदस्यों के साथ विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि संस्थान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

वाइस प्रिंसिपल रेणुका कंवर ने बताया कि सत्र 2026 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। विद्यालय में स्कूल बस, वैन, कंप्यूटर, साइंस व मैथ लैब तथा खेलों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए समय पर उनका प्रवेश सुनिश्चित करवाएं। विद्यालय के उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम और शिक्षा की गुणवत्ता को देखकर अभिभावकों ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों की सराहना की।
संवाददाता- प्रभु राम
