रोहतक। रोहतक जिले के महम क्षेत्र में रविवार को भाजपा की ओर से आयोजित विकास रैली में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 202 करोड़ 77 लाख रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इस अवसर पर मंच पर राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा के साथ मंत्री कृष्ण लाल पंवार, अरविंद शर्मा और रणबीर गंगवा भी मौजूद रहे। रैली की अध्यक्षता राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने की। सीएम नायब सैनी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि महम क्षेत्र में जिन योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया है, उनमें सुंदरपुर में स्कूल भवन का निर्माण, सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करना, भिवानी सब ब्रांच को सुदृढ़ करना, टाउन पार्क का नवीनीकरण और अन्य विकास योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर क्षेत्र में संतुलित विकास सुनिश्चित करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महम का ऐतिहासिक चबूतरा हमेशा समाज को नई दिशा देने वाला रहा है। यहां से लिए गए फैसलों ने समय-समय पर समाज को मार्गदर्शन दिया है। उन्होंने कहा कि महम की विकास रैली से क्षेत्र में विकास की नई गाथा लिखी जा रही है और सरकार इसे आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह संकल्पबद्ध है। सीएम सैनी ने बताया कि महम क्षेत्र के लिए कुल 121 विकास योजनाएं शुरू की गई थीं, जिनमें से 105 योजनाओं को पूरा कर लिया गया है, जबकि शेष योजनाओं पर कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कर रही है। पहले की सरकारों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उस समय कहा जाता था कि “वोट नहीं दिया तो काम क्यों करवाने आए हो”, लेकिन भाजपा सरकार ने सभी क्षेत्रों में समान रूप से विकास किया है। मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष के पास मुद्दों की कमी है और वह लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना जैसी आपदा के समय भी विपक्ष ने राजनीति करने का प्रयास किया। अब फसल खरीद को लेकर भी किसानों के बीच भ्रम फैलाया जा रहा है, जबकि सरकार ने पूरी व्यवस्था कर रखी है और किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदा जाएगा।
महम के विकास पर खर्च हुए 1328 करोड़
सीएम नायब सैनी ने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले साढ़े 11 वर्षों में महम क्षेत्र के विकास पर 1328 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के 10 साल के कार्यकाल में यहां केवल 584 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे और उस समय भ्रष्टाचार भी हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार ने राज्य में करीब 2 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का काम किया है। पिछले एक वर्ष में ही 36 हजार युवाओं को रोजगार मिला है। इनमें से रोहतक जिले के करीब साढ़े 11 हजार युवाओं को नौकरी दी गई है।
जांगड़ा बोले- महम को रखा गया लावारिस
विकास रैली के दौरान राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने कहा कि महम हलका लंबे समय तक उपेक्षित रहा और इसे लावारिस की तरह छोड़ दिया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार प्रदेश में तीन बार बनी, लेकिन महम को अपेक्षित हिस्सेदारी नहीं मिली। अब वे गांव-गांव जाकर लोगों से मिल रहे हैं और लोगों की आवाज है कि 2029 में महम को हिस्सेदारी दी जाएगी।
महिला कॉलेज और नगर परिषद की मांग
रामचंद्र जांगड़ा ने कहा कि महम में महिला कॉलेज की स्थापना की जानी चाहिए, ताकि क्षेत्र की लड़कियों को पढ़ाई के लिए बाहर न जाना पड़े। उन्होंने महम को नगर परिषद बनाने की मांग भी मुख्यमंत्री के सामने रखी। इसके अलावा अस्पताल और स्टेडियम की जर्जर इमारतों की मरम्मत कराने तथा तालाबों के सौंदर्यीकरण की मांग भी की।
महम में आईएमटी और सेक्टर बनाने का सुझाव
जांगड़ा ने महम में एक औद्योगिक मॉडल टाउनशिप (आईएमटी) स्थापित करने और एक नया सेक्टर विकसित करने की भी मांग रखी। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र में उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। मुख्यमंत्री की विकास रैली के लिए महम के सरकारी कॉलेज परिसर में भव्य पंडाल तैयार किया गया था। मुख्य मंच के साथ एक सांस्कृतिक मंच भी बनाया गया। पूरे पंडाल को चार सेक्टरों में विभाजित किया गया था और प्रत्येक सेक्टर के लिए अलग-अलग इंचार्ज नियुक्त किए गए थे। प्रशासन की ओर से कार्यक्रम के सुचारु संचालन के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए।
