जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर में सोमवार देर रात एक कार दुर्घटना हो गई। हादसे में कांग्रेस विधायक हरिश चौधरी की बेटी आस्था चौधरी की कार विधानसभा के मुख्य गेट के सामने ट्रैफिक सिग्नल पोल और एक पेड़ से टकरा गई। दुर्घटना में कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि कार में सवार सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी को भी चोट नहीं आई। पुलिस के अनुसार यह हादसा सोमवार देर रात करीब 3 बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक आस्था चौधरी अपनी क्रेटा कार से अंबेडकर सर्कल से एमएलए क्वार्टर की ओर जा रही थीं। जब उनकी कार विधानसभा के मुख्य गेट के पास पहुंची तो अचानक सड़क पर चार से पांच आवारा कुत्ते आ गए। कुत्तों को बचाने के प्रयास में कार चला रही युवती वाहन से नियंत्रण खो बैठी, जिसके बाद कार सीधे ट्रैफिक सिग्नल पोल और पास खड़े एक पेड़ से टकरा गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही साउथ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर तैनात पुलिसकर्मी कैलाश के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा अचानक सड़क पर आए कुत्तों को बचाने की कोशिश के कारण हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन गनीमत रही कि कार में बैठे सभी लोग सुरक्षित रहे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया है। जांच में यह भी सामने आया है कि यह क्रेटा कार कांग्रेस विधायक हरिश चौधरी की बेटी आस्था चौधरी के नाम पर नागौर पते से रजिस्टर्ड है और हादसे के समय वही कार चला रही थीं। पुलिस के मुताबिक इस दुर्घटना में किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई है। फिलहाल इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से कोई शिकायत या मामला दर्ज नहीं कराया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की सामान्य जांच कर रही है।उल्लेखनीय है कि देर रात और सुबह के समय शहर की सड़कों पर आवारा पशुओं के अचानक आ जाने से इस तरह के हादसे कई बार सामने आते हैं। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि रात के समय वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
