हनुमानगढ़। जंक्शन थाना पुलिस ने अक्टूबर 2024 में दर्ज हुए हत्या प्रयास के प्रकरण में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आकाश उर्फ नितिन उर्फ तिरछो (26) पुत्र नरेश कुमार धाणक निवासी वार्ड एक, गोलूवाला निवादान हाल डिलमा रोड, गैस एजेंसी, गुरुनानक गली पीएस तपा मण्डी सिटी-1 जिला बरनाला, पंजाब के रूप में हुई है। जांच अधिकारी एसआई चुकां ने बताया कि इस संबंध में भैरु सिंह (48) पुत्र मांगु सिंह राजपूत निवासी डाइट रोड, गोगामेड़ी के पीछे, वार्ड 60, सुरेशिया के पर्चा बयान के आधार पर 11 अक्टूबर 2024 को जंक्शन पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज हुआ था। इस प्रकरण में पूर्व में नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस प्रकरण में आकाश उर्फ नितिन उर्फ तिरछो के रूप में यह दसवीं गिरफ्तारी है।
