हनुमानगढ़। पिकअप वाहन की टक्कर से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इस संबंध में रावतसर पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार चक 10 डीडब्ल्यूएम निवासी गुरप्रीत सिंह पुत्र बंसत सिंह रामदासिया ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 14 अप्रैल की रात करीब 9.30 से 10 बजे के बीच उसका भतीजा वीरेंद्र सिंह पुत्र अजायब सिंह तथा विनोद वाल्मीकि मोटर साइकिल से रावतसर से लखूवाली की ओर जा रहे थे। जब वे रावतसर शहर से बाहर सीपीएस पैलेस के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही पिकअप नंबर आरजे 13 जीसी 4999 के चालक ने लापरवाही व तेज गति से वाहन चलाते हुए गलत दिशा में आकर उनकी मोटर साइकिल को टक्कर मार दी। इस हादसे में वीरेंद्र सिंह को सिर और जबड़े में गंभीर चोटें आईं, उसका हाथ टूट गया तथा पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं विनोद वाल्मीकि के हाथ-पैर में भी गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को रावतसर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर होने पर पहले हनुमानगढ़ और फिर श्रीगंगानगर के टांटिया अस्पताल में रेफर कर दिया गया। वर्तमान में दोनों का इलाज वहीं चल रहा है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई अमर सिंह को सौंपी गई है।
