हनुमानगढ़। टाउन स्थित व्यापार मंडल कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में पृथ्वी दिवस के उपलक्ष्य में भूगोल विभाग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं का मुख्य विषय पृथ्वी की समस्याओं के रचनात्मक समाधान रहा, जिसमें छात्राओं ने जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण, वनों की कटाई, जल संकट जैसी समस्याओं के साथ उनके समाधान भी प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का संचालन हनुमान प्रसाद एवं निकिता मोदी ने किया, जबकि समन्वय में मनप्रीत कौर का विशेष सहयोग रहा। पोस्टर प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका डॉ. नीलम गौड़, निवेदिता जोशी एवं अनु मुंजाल ने निभाई। प्रतियोगिता में शाइना ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कृतिका एवं टीना द्वितीय तथा दृष्टि तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं भाषण प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका डॉ. नीलम गौड़, डॉ. महेंद्र सांगवान एवं डॉ. ज्योति यादव ने निभाई। इस प्रतियोगिता में कृतिका ने प्रथम, प्रियांशु ने द्वितीय एवं जशनदीप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्राचार्य डॉ. नीलम गौड़ ने छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने और सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
