हनुमानगढ़। बंद घर से नकदी और मोबाइल फोन चोरी होने का मामला सामने आया है। संगरिया थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, संगरिया के वार्ड नम्बर 5 निवासी राजेश कुमार (58) पुत्र श्योपतराम जाट ने थाने में उपस्थित होकर रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में बताया कि 24 जुलाई 2025 को वह परिवार सहित घर पर ताला लगाकर बाहर गया हुआ था। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति उनके घर के पास स्थित खाली नोहरा की दीवार फांदकर घर में घुस गया और सामान को बिखेर दिया। शाम करीब 6.15 बजे घर लौटने पर देखा कि घर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था तथा घर में रखे 38 हजार रुपए नकद और एक रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन चोरी हो चुका था। प्रार्थी ने बताया कि उसने घटना की सूचना उसी समय पुलिस को दी थी और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना भी किया। पीड़ित ने यह भी बताया कि उसने घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज पुलिस को उपलब्ध करवाई है तथा पूर्व में 29 जुलाई 2025 को भी प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब पुन: रिपोर्ट देने पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल रीना मीना को सौंपी गई है।
