हनुमानगढ़। देवस्थान विभाग, राजस्थान सरकार की ओर से सोमनाथ स्वाभिमान पर्व-2026 के मौके पर सोमवार को जिले में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यह आयोजन ईस्वी 1026 में सोमनाथ मंदिर पर हुए आक्रमण के 1000 वर्ष तथा वर्ष 1951 में मंदिर के पुन: उद्घाटन के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे कलश यात्रा के साथ हुई। इसके बाद हनुमानगढ़ टाउन स्थित सनातन धर्म महावीर दल प्रांगण में बने शिव मंदिर में जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर पूजन, रूद्राभिषेक, भगवान शिव का श्रृंगार, भजन-कीर्तन, सामूहिक महाआरती तथा प्रसाद वितरण जैसे धार्मिक कार्यक्रम संपन्न हुए।

कार्यक्रम के दौरान गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर में आयोजित राष्ट्रीय शिखर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी टेलीविजन के माध्यम से दिखाया गया। आयोजन के तहत परिचर्चा एवं संगोष्ठी का भी आयोजन किया गया, जिसमें द्वादश ज्योतिर्लिंगों के महत्व और सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के ऐतिहासिक पहलुओं पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू, डॉ. भारतभूषण शर्मा, जुगल किशोर गौड़ सहित भाजपा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त ओम प्रकाश ने बताया कि इस मौके पर प्रत्येक जिला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें जनप्रतिनिधियों, मंत्रियों और गणमान्य नागरिकों ने हिस्सा लिया। पूरे प्रदेश में यह पर्व बड़े हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया।
