हनुमानगढ़। गांव कलाना में मोबाइल दुकान पर फायरिंग कर हत्या एवं हत्या के प्रयास के मामले में भादरा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में सहयोग, साजिश और रैकी में शामिल नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं मुख्य आरोपी विशाल धाणक सहित अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने स्वयं दो दिन तक भादरा में कैंप कर कार्रवाई की मॉनिटरिंग की तथा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया। पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीणा ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि 22 मई को गांव कलाना में मोबाइल दुकान पर फायरिंग की सूचना मिली। इस पर वे स्वयं, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गीता चौधरी, पुलिस उप अधीक्षक संजीव कटेवा तथा एजीटीएफ प्रभारी करण सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। साक्ष्य जुटाने के लिए एमओबी और एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। घटना में घायल मनीष (22) पुत्र चरण सिंह सिंदडिया और संदीप (17) पुत्र रामावतार सिंदडिया निवासी कलाना को पहले भादरा अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में उन्हें हिसार स्थित अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान 23 मई को संदीप की मौत हो गई, जबकि मनीष अभी उपचाराधीन है। मामले में रतन सिंह की रिपोर्ट पर भादरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि 22 मई को शाम करीब 4 बजे मनीष अपनी श्री श्याम मोबाइल दुकान पर बैठा था। उसी दौरान विशाल पुत्र जयसिंह धाणक अपने साथियों के साथ बाइक पर वहां पहुंचा और जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। एसपी मीना ने बताया कि पुलिस टीमों ने जांच के दौरान राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली में अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर साजिश और रैकी में शामिल नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में प्रदीप (21) पुत्र गोवर्धन मेघवाल निवासी वार्ड 6, कलाना, उत्तम (20) पुत्र शनिवारो धाणक निवासी वार्ड 5, कलाना, संजय (21) पुत्र महेश धाणक निवासी वार्ड 9, कलाना, सुभाष (40) पुत्र लूणाराम धाणक निवासी वार्ड 7, कलाना, लालकृष्ण (26) पुत्र राजाराम नायक निवासी वार्ड 6, कलाना, रमजान (21) पुत्र मुस्ताक निवासी वार्ड 7, कलाना, अनिल कुमार (23) पुत्र शनिवारो धाणक निवासी वार्ड 8, कलाना, सुरेन्द्र कुमार (28) पुत्र धनपतराम मेघवाल निवासी वार्ड 8, कलाना और खेताराम (32) पुत्र रामसिंह मेघवाल निवासी वार्ड 8, कलाना शामिल हैं। एसपी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा मुख्य आरोपी विशाल धाणक सहित अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। कार्रवाई करने वाली पहली पुलिस टीम में भादरा थाना प्रभारी हनुमानाराम बिश्नोई, एएसआई जगदीश प्रसाद, हेड कांस्टेबल हंसराज, कांस्टेबल सचिन और रणजीत जबकि दूसरी टीम में गोगामेड़ी थाना के एएसआई अक्षय कुमार, कांस्टेबल सुभाष, राजकुमार, मदनलाल और अशोक शामिल रहे। इस कार्रवाई में जिला विशेष टीम सेक्टर हनुमानगढ़, सेक्टर नोहर, एजीटीएफ टीम हनुमानगढ़, नोहर, गोगामेड़ी, भिरानी एवं फेफाना पुलिस थाना का सक्रिय सहयोग रहा।
