कौशांबी। मंझनपुर स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिला कार्यालय में गुरुवार शाम कार्यकर्ता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मोदी सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना रहा। कार्यशाला को काशी प्रांत से आए कमलेश गौतम ने संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीब, शोषित और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों को लाभान्वित किया गया है तथा महिलाओं के सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दिया गया है। साथ ही देश के समग्र विकास को नई दिशा मिली है। उन्होंने कहा कि सरकार वैश्विक चुनौतियों को अवसरों में बदलते हुए विकसित भारत के संकल्प को तेजी से साकार करने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शासन की सोच और कार्यशैली को बदलने का काम किया है। उन्होंने सेवा, सुशासन और अंत्योदय की भावना को केंद्र में रखते हुए विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि गरीब, किसान, महिला, युवा, वंचित और जनजातीय समाज के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रधानमंत्री का संकल्प आज देशभर में दिखाई दे रहा है। कार्यशाला में वक्ताओं ने आगामी कार्यक्रमों और अभियानों की भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ करने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार शीलू पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर नितिन पासी, बृजेश लोधी, जिला महामंत्री ज्योति केसरवानी, जगदीश सरोज, राज्य महिला आयोग सदस्य प्रतिभा कुशवाहा, कोऑपरेटिव चेयरमैन शिवमोहन मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष मंझनपुर बीरेंद्र सरोज फौजी सहित बड़ी संख्या में जिला पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री और मोर्चा पदाधिकारी उपस्थित रहे।
