- भाजपा सरकार पर बेनीवाल का बड़ा हमला, कहा- मेरी सुरक्षा राजस्थान के जवान करेंगे
जयपुर। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के सांसद हनुमान बेनीवाल ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उनकी सुरक्षा हटाने से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि उनकी सुरक्षा राजस्थान के जवान करेंगे और उन्हें सरकारी सुरक्षा की जरूरत नहीं है। जयपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान बेनीवाल ने कहा कि सरकार उनकी राजनीतिक गतिविधियों को रोकना चाहती है, लेकिन वे किसी दबाव में आने वाले नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि साधु-संतों और जनहित के मुद्दे उठाने वाले कार्यकर्ताओं के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के कथित सामाजिक बहिष्कार संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बेनीवाल ने कहा कि वे इस मामले को लेकर हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे और कानूनी कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी व्यक्ति या समाज के खिलाफ इस तरह का फरमान स्वीकार्य नहीं है। कुचामन में हुए विरोध प्रदर्शन पर बेनीवाल ने कहा कि लोगों का विरोध आरएलपी के खिलाफ नहीं था, बल्कि पानी, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं को लेकर था। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देने की कोशिश की जा रही है। सांसद ने भाजपा सरकार पर पेपर लीक, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक विफलताओं को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान भाजपा नेताओं ने राजस्थान लोक सेवा आयोग के पुनर्गठन और पेपर लीक माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई का वादा किया था, लेकिन सत्ता में आने के बाद वे अपने वादे पूरे नहीं कर पाए। बेनीवाल ने दावा किया कि लोकसभा चुनाव में कई सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों की जीत में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं ने चुनाव के दौरान उनसे सहयोग मांगा था और उनकी वजह से कई क्षेत्रों में पार्टी को लाभ मिला। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास पर निशाना साधते हुए बेनीवाल ने कहा कि उन्हें राजस्थान की परिस्थितियों की पर्याप्त जानकारी नहीं है। वहीं राज्यपाल को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाते हुए उनके विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने पर टिप्पणी की और जांच की मांग की। भाजपा संगठन पर हमला बोलते हुए बेनीवाल ने कहा कि पार्टी की स्थिति लगातार कमजोर हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भाजपा नेताओं ने उन्हें चुनौती देना जारी रखा तो आगामी चुनावों में पार्टी को नुकसान उठाना पड़ सकता है। भाजपा नेत्री ज्योति मिर्धा पर भी निशाना साधते हुए बेनीवाल ने कहा कि वे कई चुनाव हार चुकी हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल उन्होंने केवल सरकार और मंत्रिमंडल की आलोचना की है, लेकिन भविष्य में भाजपा संगठन को लेकर भी अपनी रणनीति स्पष्ट करेंगे। बेनीवाल के इन बयानों से राजस्थान की राजनीति में एक बार फिर सियासी माहौल गरमा गया है।
