– प्रचार रथ को किया रवाना, रात्रि 9:15 बजे से होगा भव्य श्याम जागरण
हनुमानगढ़। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी टाउन के सेक्टर नंबर-3 स्थित श्री पंचमुखी बालाजी मंदिर में 14वें वार्षिक श्री श्याम महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। जय श्री श्याम परिवार कला मंडल के बैनर तले आयोजित होने वाला यह महोत्सव सेक्टर नंबर-3 के श्याम भक्तों की ओर से मंदिर प्रांगण में आयोजित किया जाता है। महोत्सव के प्रचार-प्रसार के तहत शुक्रवार को श्री पंचमुखी बालाजी मंदिर परिसर से प्रचार रथ को विधिवत रवाना किया गया। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि 4 जुलाई (शनिवार) को रात्रि 9:15 बजे से भव्य श्री श्याम जागरण का शुभारंभ होगा। उन्होंने बताया कि महोत्सव में बाबा श्याम का भव्य एवं आकर्षक श्रृंगार, शीश का दरबार, इत्र वर्षा, छप्पन भोग तथा पावन ज्योत श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। आयोजन समिति ने क्षेत्र के सभी श्याम भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में पहुंचकर बाबा श्याम के दर्शन करने तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त करने का आह्वान किया है।
