– मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन, चेतावनी-समय रहते सुधार नहीं हुआ तो होगा व्यापक जनआंदोलन
हनुमानगढ़। भारतीय किसान संघ की तहसील शाखा खुईयां की मासिक बैठक बुधवार को आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता तहसील अध्यक्ष बेगराज शर्मा ने की। बैठक में खुईयां उप तहसील क्षेत्र की गंभीर विद्युत समस्याओं पर चर्चा करते हुए किसानों ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी व्यक्त की। वक्ताओं ने कहा कि जर्जर विद्युत लाइनें, ढीले एवं झूलते तार तथा समय पर रख-रखाव नहीं होने के कारण क्षेत्र में कई किसानों और आम नागरिकों की करंट लगने से दर्दनाक मौतें हो चुकी हैं। इससे ग्रामीणों और किसानों में भय का माहौल बना हुआ है। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में विद्युत दुर्घटनाओं की आशंका और अधिक बढ़ जाती है। यदि समय रहते विद्युत व्यवस्था में व्यापक सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में बड़ी जनहानि से इंकार नहीं किया जा सकता। बैठक के बाद मुख्यमंत्री के नाम उप तहसील खुईयां में ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के जरिए पूरे क्षेत्र के विद्युत तंत्र का उच्च स्तरीय निरीक्षण कराने, जर्जर विद्युत लाइनों एवं पोलों को तत्काल बदलने, ढीले एवं क्षतिग्रस्त तारों को सुरक्षित कराने, लापरवाह अधिकारियों की जवाबदेही तय करने तथा भविष्य में विद्युत दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए स्थायी एवं प्रभावी कार्ययोजना लागू करने की मांग की गई। तहसील अध्यक्ष बेगराज शर्मा ने कहा कि भारतीय किसान संघ किसानों एवं ग्रामीणों की सुरक्षा से जुड़े इस अत्यंत गंभीर मुद्दे पर लगातार संघर्ष करता रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन किसानों के हित में व्यापक जनआंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगा। इस मौके पर तहसील प्रभारी आजाद बेनीवाल, उपाध्यक्ष महिपाल स्वामी, तहसील मंत्री फूलचंद पारीक, सहमंत्री पवन बारूपाल, ग्राम अध्यक्ष राधाकिशन कारेला, पूर्णमल शर्मा, सतवीर गिर गोस्वामी, मुकेश राठौड़, उदमीराम, ईशराम, सुभाष चंद्र, प्रेम कुमार खाती, राजू गिर गोस्वामी, दिनेश कुमार, पवन कुमार, काशी गिर, दलीप शर्मा, कुंदन पुरी मौजूद रहे।
