– तलवाड़ा थाने में दर्ज अपहरण प्रकरण में आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़िता की शीघ्र बरामदगी की मांग, जांच अधिकारी पर लापरवाही के आरोप
हनुमानगढ़। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम), भीम आर्मी और पीड़ित परिवार के सदस्यों ने गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर तलवाड़ा थाना क्षेत्र से कथित रूप से बहला-फुसलाकर ले जाई गई 15 वर्षीय नाबालिग बालिका की शीघ्र बरामदगी एवं आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि 13 जुलाई 2026 तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो 14 जुलाई से पुलिस थाना तलवाड़ा के सामने धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। जिलाध्यक्ष रेवन्तराम पंवार के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि रणजीत सिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह, निवासी सिलवाला कलां, ने 2 जुलाई 2026 को पुलिस थाना तलवाड़ा में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। शिकायत के अनुसार, उसकी 15 वर्षीय नाबालिग पुत्री पूनम को 24 जून 2026 को कथित रूप से बहला-फुसलाकर ले जाया गया। ज्ञापन में बताया गया कि इस मामले में सुखविंद्र उर्फ गौरू पुत्र सुरजीत सिंह निवासी किकरावाली (जिला श्रीगंगानगर) तथा सूरज सिंह, अंग्रेज सिंह और अमन निवासी सिलवाला कलां के खिलाफ मुकदमा संख्या 0146/02.07.2026 धारा 137(2) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था। मामले की जांच उपनिरीक्षक श्रीलालचंद को सौंपी गई। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि मामला दर्ज हुए कई दिन बीत जाने के बावजूद न तो नाबालिग बालिका की बरामदगी हो सकी है और न ही नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि जांच अधिकारी द्वारा पीड़ित परिवार को सहयोग देने के बजाय उन्हें डराया-धमकाया जा रहा है। आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी ने पुलिस अधीक्षक से मांग की कि नाबालिग बालिका को जल्द से जल्द सुरक्षित बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए तथा उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि 13 जुलाई 2026 तक मामले में संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई तो 14 जुलाई 2026 से पुलिस थाना तलवाड़ा के बाहर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।
