बड़ी वारदात की फिराक में थे आरोपी, हनुमानगढ़ पुलिस का संगठित अपराध पर प्रहार, 12 बोर राइफल, 32 बोर पिस्टल, 16 जिंदा कारतूस और 6.17 ग्राम चिट्टा बरामद
हनुमानगढ़। पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना के निर्देशन में संगठित अपराध, नशा तस्करी और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हनुमानगढ़ टाउन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो हिस्ट्रीशीटर समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक 12 बोर राइफल, एक 32 बोर पिस्टल, 16 जिंदा कारतूस, 6.17 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) तथा एक स्कॉर्पियो-एन वाहन बरामद कर जब्त किया गया है। आरोपी क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात की फिराक में थे। इस सूचना पर पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। इस पूरे मामले का खुलासा मंगलवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने किया। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना हनुमानगढ़ टाउन में एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट एवं बीएनएस की धारा के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। एसपी मीना ने बताया कि हनुमानगढ़ टाउन थाना प्रभारी लखवीर सिंह के निर्देशन में उपनिरीक्षक रामकेर और पुलिस टीम सोमवार देर रात्रि को गश्त पर थी। इस दौरान स्वामी विवेकानंद बीएड कॉलेज के पास रोही चक 14 केएसपी, शेरगढ़ क्षेत्र में पुलिस ने छह आरोपियों को घेरकर गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 6.17 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), एक 12 बोर राइफल के साथ छह जिंदा कारतूस, एक 32 बोर पिस्टल के साथ 10 जिंदा कारतूस तथा बिना नंबरी स्कॉर्पियो-एन वाहन बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील कुमार उर्फ गोलू (38) पुत्र ओमप्रकाश जाट निवासी वार्ड नंबर 7, लाखासर पीएस नोहर, रमेश उर्फ धोलू (28) पुत्र भूपराम जाट निवासी वार्ड नंबर 8, मटोरियांवाली ढाणी पीएस टाउन, श्रवण कुमार (49) पुत्र भागीरथ जाट निवासी वार्ड नंबर 10, गोरखाना पीएस खुइयां, जगदीश उर्फ पहलवान (28) पुत्र जगतेज सिंह जटसिख निवासी दमदमा पीएस ऐलनाबाद जिला सिरसा, हरियाणा, सुरजीत पवार (37) पुत्र बलवंत सिंह नायक निवासी कगनपुर पीएस सदर सिरसा, हरियाणा तथा निखिल (19) पुत्र सुरेन्द्र जाट निवासी मटोरियांवाली ढाणी पीएस टाउन के रूप में हुई। एसपी मीना ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सुनील कुमार उर्फ गोलू नोहर थाना का हार्डकोर हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट, अपहरण, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट और एससीएसटी एक्ट सहित करीब 43 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं रमेश उर्फ धोलू हनुमानगढ़ टाउन थाना का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, एससीएसटी एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, चोरी सहित अन्य गंभीर अपराधों के करीब 12 मामले दर्ज हैं। तीसरे आरोपी श्रवण कुमार के खिलाफ भी आबकारी एक्ट, अपहरण, एससीएसटी एक्ट, हत्या के प्रयास और मारपीट सहित सात आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। मामले की जांच थाना प्रभारी लखवीर सिंह गिल कर रहे हैं। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार और मादक पदार्थ कहां से लाए गए तथा आरोपियों का किसी संगठित गिरोह या अन्य आपराधिक नेटवर्क से संबंध है या नहीं। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पीसी रिमांड मंजूर करवाया जाएगा। एडिशनल एसपी, सीओ सिटी और हनुमानगढ़ टाउन थाना एसएचओ की एसआईटी गठित कर रिमांड अवधि के दौरान गहन पूछताछ कर यह पता लगाया जाएगा कि आरोपियों की क्या योजना थी। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने लखूवाली से किसी से चिट्टा खरीदने की बात स्वीकारी है। पुलिस की ओर से उक्त व्यक्ति को भी मामले में आरोपी बनाया गया है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रामकेर, सहायक उपनिरीक्षक राजाराम स्वामी, हेड कांस्टेबल महेन्द्र कुमार, केलम, कृष्ण कुमार तथा कांस्टेबल मेघराज और लखविन्द्र सिंह शामिल रहे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में एडिशनल एसपी अरविन्द बिश्नोई भी मौजूद रहे।
