-ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने, नशा तस्करों पर कार्रवाई और रात्रि में हुड़दंग करने वालों के खिलाफ चलेगा विशेष अभियान
चूरू। नवनियुक्त थानाधिकारी गौरव खिड़िया ने गुरुवार दोपहर चूरू कोतवाली पुलिस थाने का कार्यभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाना और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि कानून से खिलवाड़ करने वाले किसी भी शरारती तत्व या अपराधी को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई करेगी और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। नवनियुक्त सीआई ने बताया कि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा तथा यातायात नियमों का सख्ती से पालन करवाया जाएगा। इसके साथ ही नशा तस्करों के खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई कर उन पर शिकंजा कसा जाएगा। उन्होंने कहा कि रात के समय तेज रफ्तार से वाहन चलाने, स्टंटबाजी करने और शोर-शराबा कर शांति व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सीआई गौरव खिड़िया ने पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि थाने आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत पर त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि पुलिस के प्रति आमजन का विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।
गौरव खिड़िया, थानाधिकारी, चूरू कोतवाली
“मेरी प्राथमिकता आमजन की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना है। नशा तस्करों, ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों और रात में हुड़दंग मचाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रत्येक फरियादी को त्वरित और निष्पक्ष न्याय दिलाना हमारी जिम्मेदारी होगी।”
