– बहुजन समाज के अधिकारों, शिक्षा और सामाजिक न्याय का संदेश देने के लिए वितरित किए गए पंपलेट
हनुमानगढ़। डॉ. बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर जन जागृति अभियान यात्रा के तहत शुक्रवार को जिले के चक 3 यूटीएस गांव में जनसंपर्क अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर लोगों से संवाद किया तथा बहुजन समाज के उत्थान, शिक्षा, सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से पंपलेट वितरित किए। वितरित पंपलेट में बताया गया कि जन जागृति अभियान का उद्देश्य एससी, एसटी और ओबीसी समाज को उनके अधिकारों, शिक्षा तथा सामाजिक न्याय के प्रति जागरूक करना है। अभियान के माध्यम से अन्याय, अत्याचार, भेदभाव, ऊंच-नीच, छुआछूत और रंगभेद जैसी कुरीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए समान अधिकारों एवं न्यायपूर्ण समाज के निर्माण का संदेश दिया जा रहा है। अभियान के दौरान लोगों से डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को अपनाने, शिक्षा को जीवन का आधार बनाने तथा सामाजिक एकता और संविधान के मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया गया। कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों से अभियान से जुड़कर सामाजिक जागरूकता को मजबूत बनाने की अपील भी की। पंपलेट के अनुसार अभियान से संतोष पुनिया, रेवंत राम पंवार, विकास झोरड़ एवं सुभाषचंद्र आलड़िया जुड़े हुए हैं, जो जिलेभर में जन जागृति यात्रा के माध्यम से विभिन्न गांवों में जनसंपर्क कर रहे हैं।
