बीकानेर। राजस्थान भाजपा ने आगामी पंचायत एवं नगरीय निकाय चुनावों की तैयारियों को गति देते हुए संभागीय चुनाव संचालन समितियों का गठन कर दिया है। प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने शनिवार को समितियों की सूची जारी की। बीकानेर संभाग के लिए प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, राजस्थान जीव कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष जसवंत सिंह बिश्नोई तथा पूर्व सांसद संतोष अहलावत को चुनाव संचालन समिति की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, मुकेश दाधीच और जसवंत सिंह बिश्नोई का बीकानेर संगठन से लंबे समय से सक्रिय जुड़ाव रहा है। दोनों नेता समय-समय पर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर संगठनात्मक बैठकों में भाग लेते रहे हैं तथा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेतृत्व के साथ निरंतर संवाद बनाए रखा है। इसी अनुभव को देखते हुए पार्टी ने उन्हें चुनावी तैयारियों की अहम जिम्मेदारी सौंपी है। चुनाव संचालन समिति पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों के लिए संगठनात्मक समन्वय, चुनावी रणनीति तैयार करने, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करने और चुनावी तैयारियों की निगरानी का कार्य करेगी। भाजपा का लक्ष्य चुनाव से पहले संगठन को और अधिक सक्रिय तथा मजबूत बनाना है। प्रदेश नेतृत्व का मानना है कि संगठन और चुनाव प्रबंधन का अनुभव रखने वाले नेताओं को जिम्मेदारी देने से चुनावी तैयारियों को नई गति मिलेगी। बीकानेर संभाग में मुकेश दाधीच, जसवंत सिंह बिश्नोई और संतोष अहलावत की टीम स्थानीय इकाइयों के साथ समन्वय स्थापित कर चुनाव अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएगी।
