– डोर-टू-डोर जनसंपर्क में मतदाताओं से मांगा समर्थन, सीसीटीवी, स्ट्रीट लाइट, पार्क, खेल मैदान और जिम की सुविधाओं का दिलाया भरोसा
हनुमानगढ़। नगर परिषद चुनाव में जंक्शन के वार्ड नंबर 47 से निर्दलीय प्रत्याशी नक्षत्र सिंह चुनाव मैदान में हैं। उनके समर्थन में वार्ड में डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान जारी है। नक्षत्र सिंह मतदाताओं से मुलाकात कर वार्ड की समस्याओं के समाधान और विकास के मुद्दों पर समर्थन मांग रहे हैं। निर्दलीय प्रत्याशी नक्षत्र सिंह ने कहा कि वार्ड की सबसे बड़ी समस्या पानी निकासी की है। यदि उन्हें जनता का आशीर्वाद मिला तो जीत के बाद सबसे पहले पानी निकासी की समस्या का स्थायी समाधान करवाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जोहड़ में बरसाती पानी भरने की समस्या के समाधान के लिए पाइप लाइन बिछाकर पानी की निकासी वार्ड से बाहर करवाने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने खारे पानी की समस्या के समाधान के लिए नहरी पानी की व्यवस्था करवाने का भी भरोसा दिलाया। साथ ही वार्डवासियों के अन्य जायज कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर करवाने की बात कही।
सफाई से लेकर खेल सुविधाओं तक विकास का वादा
नक्षत्र सिंह ने कहा कि वार्ड में सफाई व्यवस्था को सुचारू करवाना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। गलियों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने के साथ स्ट्रीट लाइटिंग की बेहतर व्यवस्था की जाएगी। वार्डवासियों के लिए पार्क की सुविधा विकसित करवाने तथा खेल मैदान एवं जिम का निर्माण करवाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वंचित परिवारों को उनके मकानों का मालिकाना हक दिलाने के लिए भी उचित स्तर पर आवाज उठाई जाएगी।
कांग्रेस-भाजपा पर वादाखिलाफी का आरोप
नक्षत्र सिंह ने कांग्रेस और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों प्रमुख राजनीतिक दल चुनाव से पहले जनता से बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव जीतने के बाद आम लोगों की सुनवाई नहीं होती। उन्होंने आरोप लगाया कि वार्ड की समस्याओं पर भी अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया और सफाई व्यवस्था की स्थिति इसका उदाहरण है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आते हैं और आमजन की परेशानियों को करीब से समझते हैं। यदि जनता ने उन्हें मौका दिया तो वे लोगों से दूरी बनाकर नहीं रहेंगे, बल्कि वार्डवासियों के बीच रहकर उनकी समस्याएं सुनेंगे और समाधान के लिए प्रयास करेंगे।
नशे के खिलाफ लड़ाई का भी ऐलान
नक्षत्र सिंह ने कहा कि वार्ड में नशे के खिलाफ भी मजबूती से लड़ाई लड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि वार्ड को बेहतर सुविधाओं वाला और सुरक्षित क्षेत्र बनाना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे बच्चे-बच्चे की समस्या सुनकर उसके समाधान के लिए प्रयास करेंगे और वार्ड के विकास में किसी तरह की कमी नहीं आने देंगे।
