– जनसभा में पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रताप ने समझाई एक-एक वोट की कीमत, सारस्वत बोले-दो साल में वार्ड 10 को बनाएंगे नगर परिषद का नंबर वन वार्ड
हनुमानगढ़। नगर परिषद हनुमानगढ़ के वार्ड नंबर 10 से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी परितोष सारस्वत के समर्थन में सोमवार रात वार्ड में आम जनसभा एवं नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया। सभा में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रताप मौजूद रहे। जनसभा में उमड़ी भीड़ को देखकर पूर्व मंत्री ने प्रसन्नता जताई और कार्यकर्ताओं व समर्थकों का उत्साह बढ़ाया।

सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रताप ने कहा कि प्रत्येक मतदाता को अपने एक वोट की ताकत और कीमत समझनी होगी। उन्होंने कहा कि किसी भी मतदाता को यह नहीं सोचना चाहिए कि उसके वोट नहीं देने से क्या फर्क पड़ेगा। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जब एक के बराबर एक खड़ा होता है तो संख्या 11 तक पहुंच जाती है। इसलिए चुनाव में एक-एक वोट महत्वपूर्ण है और मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग पूरी जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए।
दो साल में वार्ड को नंबर वन बनाने का वादा
भाजपा प्रत्याशी परितोष सारस्वत ने जनसभा में वार्डवासियों को उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि वे वार्ड की जनता की सेवा और समस्याओं के निराकरण के लिए दिन-रात तैयार रहेंगे। सारस्वत ने कहा कि वर्तमान में वार्ड नंबर 10 को अविकसित श्रेणी में माना जाता है।

यदि वार्डवासियों ने उन्हें सेवा का मौका दिया तो दो वर्षों के भीतर वार्ड में इतने विकास कार्य करवाने का प्रयास किया जाएगा कि नगर परिषद के सभी 60 वार्डों में वार्ड नंबर 10 को नंबर वन बनाया जा सके। उन्होंने इसे वार्डवासियों के साथ अपना वादा बताया।
नशे की बिक्री पर लगाम लगाने का भरोसा
परितोष सारस्वत ने कहा कि वार्ड में विकास कार्यों के साथ सामाजिक समस्याओं पर भी गंभीरता से काम किया जाएगा। उन्होंने नशे की बिक्री पर पूरी तरह लगाम लगाने के लिए प्रयास करने का भरोसा दिलाया। सभा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने प्रत्याशी के समर्थन में नारे लगाए तथा उन्हें विजयी बनाने का आह्वान किया।
