नोहर। श्री बालकृष्ण बिहानी स्टेडियम में मंगलवार को नोहर के विकासदूत भामाशाह ओमनारायण बिहानी एवं उनकी धर्मपत्नी प्रेमदेवी बिहानी का भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम का आयोजन नोहर स्पोर्ट्स क्लब के अध्यक्ष शशिकांत शर्मा के नेतृत्व में किया गया, जिसमें नोहर के विभिन्न व्यापारिक संगठनों और सामाजिक संस्थाओं ने भाग लिया। अतिथियों का ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के साथ पारंपरिक राजस्थानी रीति से अभिनंदन किया गया। मंच पर दशहरा फुटबॉल प्रतियोगिता समिति के अध्यक्ष बलबीर सुथार, अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी विजयकिशोर महिया एवं हरीश राव, सीनियर फुटबॉल खिलाड़ी रतन अरोड़ा, फुटबॉल कोच जुल्फिकार पठान, रामचंद्र पारीक, संजय मोदी, मकबूल मुल्तानी, नगरपालिका अधिशासी अधिकारी बसंत सैनी तथा नगरपालिका जेईएन सुशील सिहाग सहित अनेक गणमान्यजन अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने बिहानी परिवार का राजस्थानी साफा पहनाकर सम्मान किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने बिहानी परिवार द्वारा नोहर क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों को अभूतपूर्व बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, चिकित्सा और खेल के क्षेत्र में बिहानी परिवार का योगदान सराहनीय रहा है। वक्ताओं ने कहा कि समाजसेवा और जनहित के कार्यों में परिवार की सक्रिय भूमिका ने नोहर को नई पहचान दिलाई है। इस अवसर पर नोहर स्पोर्ट्स क्लब के अध्यक्ष शशिकांत शर्मा ने स्टेडियम में 18 किलोवाट का सोलर प्लांट स्थापित करने की मांग ओमनारायण बिहानी से की। बिहानी ने इस प्रस्ताव को सहर्ष स्वीकार करते हुए शीघ्र ही स्टेडियम में सोलर प्लांट लगवाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि खेल सुविधाओं का आधुनिकीकरण समय की आवश्यकता है और सोलर प्लांट से स्टेडियम को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाया जा सकेगा। कार्यक्रम के अंतर्गत खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन हेतु फुटबॉल का सेवन ए साइड मैत्री मैच भी आयोजित किया गया, जिसमें स्थानीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। दर्शकों ने तालियों के साथ खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर पूर्व पार्षद रामकुमार सैनी, किराना व्यापार संघ के अध्यक्ष पवन कंदोई, फुटवेयर एसोसिएशन अध्यक्ष राजपाल बिजारणियां, बसंत तिवाड़ी, नोहर टेबल टेनिस क्लब के अध्यक्ष राजीव पारीक, नोहर स्पोर्ट्स क्लब के सचिव महेश कौशिक, फुटबॉल कोच गुलफान खान, लूणाराम कोच, अशोक कोच, रमेश कटौतियां, नियामत अली, रामकुमार स्वामी, जयप्रकाश अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। पूरे आयोजन में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा। स्थानीय नागरिकों ने इसे नोहर के खेल और सामाजिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
