संगरिया। समाजसेवा के उद्देश्य से कार्य कर रही एक प्रयास जन सेवा समिति, संगरिया द्वारा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय इन्द्रगढ़ में जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए सराहनीय पहल की गई। समिति की ओर से विद्यालय के 123 जरूरतमंद बच्चों को निशुल्क जूते और जुराबें वितरित किए गए। इसके साथ ही विद्यालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। जूते-जुराबें प्राप्त कर विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। समिति का यह प्रयास आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के लिए काफी मददगार साबित होगा, जिससे वे विद्यालय में बेहतर तरीके से शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे। इस अवसर पर गुरचरण सिंह (चंडीगढ़) और सुखदेव सिंह (ऑस्ट्रेलिया) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में उनका विशेष सहयोग रहा। उन्होंने बच्चों को शिक्षा के महत्व के बारे में प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जिससे बच्चे अपने भविष्य को उज्ज्वल बना सकते हैं।

कार्यक्रम में ग्राम सरपंच धर्मेन्द्र सिंह, समिति अध्यक्ष सुखपाल सिंह इन्द्रगढ़, समिति सदस्य रामलाल बिसु, मेज़र सिंह, संदीप सिंह, वकील सिंह, बलवीर सिंह, बृजलाल, गुरदास सिंह और जगतार सिंह सहित विद्यालय परिवार व गांव के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने समिति के इस प्रयास की सराहना की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। विद्यालय की प्रधानाचार्य मलकीत कौर ने कार्यक्रम के दौरान समिति के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के सहयोग से सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को काफी लाभ मिलता है। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से ही शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सकता है। वहीं समिति अध्यक्ष सुखपाल सिंह ने बताया कि एक प्रयास जन सेवा समिति का मुख्य उद्देश्य समाज के जरूरतमंद वर्ग की सहायता करना है। उन्होंने कहा कि समिति द्वारा आगे भी सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को जूते, जुराबें तथा अन्य आवश्यक सामग्री समय-समय पर उपलब्ध करवाई जाती रहेगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी अपील की कि वे समिति के साथ अधिक से अधिक संख्या में जुड़ें और समाजसेवा के कार्यों में अपना अमूल्य योगदान दें, ताकि जरूरतमंद लोगों की मदद और व्यापक स्तर पर की जा सके। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों ने विद्यालय परिसर में पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस पहल को ग्रामीणों और विद्यालय परिवार ने एक सराहनीय कदम बताया।
