ऐलनाबाद। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए सिरसा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गांव साहुवाला प्रथम क्षेत्र से स्कूटी सवार एक युवक को 15 किलो 70 ग्राम डोडा चूरा पोस्त सहित गिरफ्तार किया है। बरामद नशे की कीमत हजारों रुपये बताई जा रही है। इस संबंध में जानकारी देते हुए सीआईए सिरसा प्रभारी ने बताया कि सीआईए सिरसा की एक पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम गांव साहुवाला प्रथम की ओर जा रही थी। जब पुलिस पार्टी गांव के पास पहुंची तो सामने से एक स्कूटी सवार युवक आता दिखाई दिया। पुलिस की गाड़ी को देखकर युवक अचानक घबरा गया और स्कूटी को मोड़कर वापस भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन स्कूटी अचानक बंद हो गई। पुलिस टीम ने शक के आधार पर युवक को मौके पर ही काबू कर लिया और उससे भागने का कारण पूछा। युवक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इसके बाद पुलिस ने स्कूटी के पायदान पर रखे एक प्लास्टिक के कट्टे की राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी ली। तलाशी के दौरान कट्टे से 15 किलो 70 ग्राम डोडा चूरा पोस्त बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रीत सिंह उर्फ कुलदीप सिंह पुत्र राजा सिंह निवासी गांव साहुवाला प्रथम जिला सिरसा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना बड़ागुढ़ा में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। सीआईए सिरसा प्रभारी ने बताया कि मामले की आगे की जांच बड़ागुढ़ा थाना पुलिस को सौंप दी गई है। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ कर यह पता लगाया जाएगा कि वह डोडा चूरा पोस्त कहां से लाया था और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जाएगी, ताकि उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।
संवाददाता- रमेश भार्गव
