– जिला प्रभारी पूसाराम गोदारा का दावा-हनुमानगढ़ में कांग्रेस का बोर्ड बनेगा, जिताऊ और टिकाऊ प्रत्याशियों को मिलेगा टिकट
हनुमानगढ़। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिले के आठों नगर निकायों के चुनाव की तैयारियों एवं रणनीति को लेकर मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को एकजुट कर चुनाव मैदान में उतरने तथा प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया को लेकर मंथन किया गया। बैठक में जिला प्रभारी एवं रतनगढ़ विधायक पूसाराम गोदारा, जिला सह प्रभारी डॉ. सुनील लारा, डीसीसी अध्यक्ष मनीष मक्कासर, पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र दादरी, नोहर विधायक अमित चाचाण, पीलीबंगा विधायक विनोद गोठवाल, संगरिया विधायक अभिमन्यु पूनिया, पीसीसी सदस्य भूपेंद्र चौधरी, पूर्व सांसद भरतराम मेघवाल सहित शहर एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला प्रभारी पूसाराम गोदारा ने कहा कि एआईसीसी और पीसीसी का स्पष्ट संदेश है कि सभी को मिलकर चुनाव लड़ना है। उन्होंने कहा कि हनुमानगढ़ में कांग्रेस से जुड़े लोग एकजुट होकर एक मंच पर हैं। कुछ लोगों की ओर से पार्टी में गुटबाजी का प्रचार किया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मिलकर निकाय चुनाव लड़ने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से ‘जिताऊ और टिकाऊÓ प्रत्याशियों को टिकट दिया जाएगा। कार्यकर्ताओं में चुनाव को लेकर उत्साह है और कांग्रेस को निकाय चुनाव में बड़ी जीत की उम्मीद है।

पूसाराम गोदारा ने दावा किया कि हनुमानगढ़ नगर परिषद में कांग्रेस का बोर्ड बनेगा, इसमें कोई दोराय नहीं है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि हनुमानगढ़ में भाजपा कमजोर स्थिति में है। पूर्व में कांग्रेस की टिकट पर चुनाव जीत चुके पार्षद के पार्टी छोड़ने के सवाल पर गोदारा ने कहा कि ऐसे मामलों में पार्टी विचार करेगी और जरूरत पड़ने पर निष्कासन की कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि जो लोग पार्टी छोड़कर चले गए, वे अब कांग्रेस के लिए मुद्दा नहीं हैं, क्योंकि पार्टी के पास चुनाव लड़ने वाले कार्यकर्ताओं की बड़ी फौज है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेंगे। बार-बार पाला बदलने वाले नेताओं पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जनता ऐसे लोगों को लंबे समय तक पसंद नहीं करती।

विधानसभा-लोकसभा में साथ छोड़ने वालों पर हाईकमान करेगा फैसला
गोदारा ने कहा कि विधानसभा या लोकसभा चुनाव के दौरान यदि किसी ने कांग्रेस का साथ छोड़ा है तो उसका फीडबैक लेकर पार्टी हाईकमान को अवगत करवाया जाएगा। ऐसे मामलों में अंतिम निर्णय हाईकमान ही करेगा। चुनाव परिणाम के बाद बोर्ड गठन में निर्दलीय पार्षदों के सहयोग की जरूरत पड़ने पर कांग्रेस के रुख के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह समय और परिस्थितियों पर निर्भर करेगा। प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार ही आगामी कदम उठाया जाएगा।

31 अगस्त से पहले प्रत्याशियों की सूची का दावा
जिला प्रभारी ने बताया कि फिलहाल पार्टी में प्रत्याशियों के आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 31 अगस्त से पहले लगभग प्रत्याशियों की सूचियां जारी कर दी जाएंगी। पार्टी चुनाव को लेकर रणनीति के तहत काम कर रही है और संगठन स्तर पर तैयारियां जारी हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस निकाय चुनाव में चीनी के बढ़े दाम और पेपर लीक जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी तथा इन्हें लेकर जनता के बीच जाएगी।
बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक के आदेश का विरोध
स्कूलों में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक के सवाल पर पूसाराम गोदारा ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी कमजोरियां छिपाने के लिए इस तरह के आदेश जारी कर रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष लगातार इस फैसले का विरोध कर रहा है और सरकार को आईना दिखा चुका है। गोदारा ने कहा कि कांग्रेस इस तरह के ‘तुगलकी फरमानÓ को बर्दाश्त नहीं करेगी तथा सरकार को यह फैसला वापस लेना पड़ेगा।
