-झज्जर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार, कलाना फायरिंग कांड: मुख्य शूटर विशाल धानक 6 जुलाई तक पुलिस रिमांड
भादरा। कलाना गांव में मोबाइल दुकान पर हुई फायरिंग और हत्या के मामले में हनुमानगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के मुख्य शूटर विशाल धानक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को हरियाणा की झज्जर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 6 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार, 22 मई 2026 को भादरा थाना क्षेत्र के कलाना गांव स्थित एक मोबाइल दुकान पर अंधाधुंध फायरिंग की गई थी। घटना में मनीष और संदीप गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उपचार के दौरान संदीप की मौत हो जाने पर पुलिस ने मामले में हत्या की धारा भी जोड़ दी थी। घटना के संबंध में भादरा थाने में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना के निर्देश पर विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। जांच के दौरान पुलिस पहले ही एक विधि से संघर्षरत नाबालिग सहित 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी विशाल धानक निवासी कलाना है और उसके खिलाफ हरियाणा के विभिन्न थानों में हत्या, फिरौती और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उससे वारदात की साजिश, हथियार उपलब्ध कराने वालों, फरार आरोपियों और पूरे आपराधिक नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से विस्तृत पूछताछ कर अन्य आरोपियों की भूमिका, हथियारों की बरामदगी और पूरे षड्यंत्र का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस इस मामले में अब तक पवन (19) निवासी धानसिया, खुईयां, बजरंग (20) निवासी रातुसर, नोहर, प्रदीप (21), उत्तम (20), संजय (21), सुभाष (40), लालकृष्ण (26), रमजान (21), अनिल कुमार (23), सुरेंद्र कुमार (28), खेताराम (32) निवासी कलाना, नीरज यादव (24) निवासी लालगंज (उत्तर प्रदेश) हाल निवासी आयानगर, नई दिल्ली तथा एक विधि से संघर्षरत नाबालिग को गिरफ्तार कर चुकी है।
