बीकानेर। बीकानेर जिले के कोलायत में मंगलवार को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा की जनसुनवाई के दौरान उस समय हंगामा हो गया, जब स्थानीय विधायक अंशुमान सिंह भाटी को कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किए जाने और पोस्टर में उनका फोटो नहीं होने पर भाजपा कार्यकर्ता नाराज हो गए। कोलायत के पंचायत भवन में आयोजित लाभार्थी सम्मेलन एवं जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान मंत्री सुमित गोदारा लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। इसी बीच कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम का विरोध शुरू कर दिया और “देवीसिंह भाटी जिंदाबाद” तथा “अंशुमान सिंह भाटी जिंदाबाद” के नारे लगाए। स्थिति बिगड़ती देख मंत्री सुमित गोदारा ने स्वयं मंच से कार्यकर्ताओं को शांत कराने का प्रयास किया। उन्होंने स्वीकार किया कि विधायक का कार्यक्रम में शामिल नहीं होना एक गलती थी। मंत्री ने कहा कि सरकारी कार्यक्रमों में कभी-कभी ऐसी छोटी-मोटी चूक हो जाती है, लेकिन भविष्य में इस बात का पूरा ध्यान रखा जाएगा और स्थानीय विधायक को साथ लेकर ही कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मंत्री के आश्वासन के बाद माहौल शांत हुआ और जनसुनवाई का कार्यक्रम आगे बढ़ाया गया। घटना को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।
