ऐलनाबाद। सिरसा पुलिस द्वारा साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए साइबर थाना पुलिस ने क्रेडिट कार्ड बनवाने के नाम पर 4 लाख 90 हजार रुपये की ठगी करने वाले 6 आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर की गई। इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक सहराण ने बताया कि पीड़ित व्यक्ति, जो भारतीय स्टेट बैंक का रिटायर्ड कर्मचारी है, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी फेसबुक आईडी पर रिटायर्ड कर्मचारियों के लिए फ्री क्रेडिट कार्ड बनवाने की स्कीम का एक ऑफर दिखाई दिया। लालच में आकर जैसे ही उसने उस लिंक पर क्लिक किया, उसके सामने कुछ फॉर्म भरने के लिए विकल्प खुल गए। पीड़ित ने बताया कि फॉर्म भरकर सबमिट करने के बाद उसके मोबाइल फोन में पहले से मौजूद यूएनओ एसबीआई एप अपने आप सक्रिय हो गया और मोबाइल फोन हैक हो गया। जब तक उसे धोखाधड़ी का एहसास होता, तब तक साइबर अपराधियों ने उसके बैंक खाते से 4 लाख 90 हजार रुपये निकाल लिए। एसपी दीपक सहराण ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर साइबर थाना सिरसा में 2 मार्च 2026 को अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान तकनीकी व गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दिल्ली में दबिश देकर मामले में संलिप्त 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्की उर्फ तुषार पुत्र दिनेश निवासी मांडोली एक्सटेंशन दिल्ली, आशीष कुमार उर्फ आशु पुत्र वीरेंद्र कुमार निवासी मांडोली सम्भोली एक्सटेंशन दिल्ली, आफताब अंसारी पुत्र काबतुल्ला अंसारी निवासी न्यू जलपाईगुड़ी पश्चिम बंगाल (हाल निवासी नाहरपुर दिल्ली), रवि उर्फ वरदान पुत्र दलीप सिंह निवासी सुंदरपुरी रेलवे कॉलोनी गाजियाबाद, साहिल खान पुत्र शाहजाद खान निवासी बुलंदशहर उत्तर प्रदेश तथा युसुफ पुत्र रियाजुद्दीन निवासी मालवीय नगर दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके बैंक खातों का इस्तेमाल कोलकाता में बैठे मुख्य साइबर अपराधियों द्वारा किया जा रहा था। पूछताछ के दौरान गिरोह के अन्य साथियों की भी पहचान कर ली गई है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए साइबर थाना पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है। एसपी दीपक सहराण ने बताया कि मामले की जांच जारी है और इस साइबर धोखाधड़ी में जो भी व्यक्ति संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति साइबर अपराध का शिकार हो जाता है तो तुरंत सरकार द्वारा जारी साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या साइबर पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करवाएं। इसके अलावा थानों में स्थापित साइबर हेल्प डेस्क पर भी शिकायत दी जा सकती है। सिरसा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर आने वाले किसी भी अनजान लिंक या ऑफर पर बिना जांच किए क्लिक न करें और अपनी बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। थोड़ी सी लापरवाही से वर्षों की मेहनत की कमाई पल भर में साइबर अपराधियों के हाथ लग सकती है, इसलिए सतर्क और जागरूक रहना बेहद जरूरी है।
