ऐलनाबाद। सिरसा के पुलिस अधीक्षक दीपक के नेतृत्व में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत साइबर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन ठगी के एक मामले में संलिप्त आरोपी को दिल्ली के जाफराबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने गूगल पे और क्यूआर कोड के माध्यम से एक महिला से 1 लाख 49 हजार रुपये की ठगी की थी। साइबर थाना प्रभारी श्याम सुंदर ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला सिरसा के गांव वेदवाला निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में महिला ने बताया कि 20 मार्च 2026 को उसके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को महिला के रिश्तेदार रणजीत सिंह के रूप में परिचित कराया और कहा कि वह विदेश से बात कर रहा है। आरोपी ने महिला को विश्वास में लेते हुए कहा कि उसकी मां बीमार है और वह महिला के खाते में 6 लाख 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर रहा है। इसके बाद आरोपी ने ट्रांजैक्शन का फर्जी स्क्रीनशॉट भेजते हुए कहा कि उसमें से 1 लाख 50 हजार रुपये एक एजेंट को देने हैं। कुछ समय बाद एक अन्य व्यक्ति ने खुद को एजेंट बताते हुए महिला को फोन किया और जल्द पैसे ट्रांसफर करने का दबाव बनाया। आरोपी की बातों में आकर महिला ने 1 लाख रुपये गूगल पे के माध्यम से तथा 49 हजार रुपये क्यूआर कोड स्कैन कर ट्रांसफर कर दिए। बाद में जब महिला को ठगी का एहसास हुआ तो उसने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ साइबर ठगी का केस दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहम्मद मोहसिन पुत्र मोहम्मद असलम निवासी ईस्ट दिल्ली को जाफराबाद, दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और इस ठगी में शामिल अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।
पुलिस की अपील:
जिला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अज्ञात कॉल, व्हाट्सएप मैसेज या ऑनलाइन ट्रांजैक्शन पर बिना पुष्टि के भरोसा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।
संवाददाता- रमेश भार्गव
