ऐलनाबाद। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण के निर्देशानुसार जिला सिरसा में विभिन्न मामलों में वांछित भगोड़ों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पी.ओ. स्टाफ सिरसा की टीम ने कार्रवाई करते हुए चेक बाउंस मामले में वांछित एक भगोड़े आरोपी को शहर सिरसा क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए पी.ओ. स्टाफ प्रभारी ने बताया कि आरोपी को माननीय अदालत द्वारा कई बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद वह अदालत में पेश नहीं हुआ। अदालत के आदेशों की अवहेलना करने पर माननीय अदालत ने 25 अगस्त 2025 को आरोपी अजय को भगोड़ा (पी.ओ.) घोषित कर दिया था। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाइन सिरसा में बीएनएस की धारा 209 के तहत मामला दर्ज किया गया था, जिसकी जांच पी.ओ. स्टाफ सिरसा को सौंपी गई थी। पी.ओ. स्टाफ की पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी अजय पुत्र मदन लाल निवासी कीर्ति नगर, सिरसा को शहर सिरसा से काबू कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
संवाददाता- रमेश भार्गव
