हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। धौलाना क्षेत्र के गांव शेखपुर खिचरा में एक दुकानदार ने चोरी के शक में 7 साल के मासूम बच्चे को अपनी दुकान के डीप फ्रीजर में बंद कर दिया। बच्चा करीब दो मिनट तक फ्रीजर के अंदर बंद रहा और रोते हुए लगातार माफी मांगता रहा। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, शेखपुर खिचरा निवासी इमरान का 7 वर्षीय बेटा अनस सोमवार को गांव की एक दुकान पर सामान लेने गया था। इसी दौरान पास में डेंटिंग-पेंटिंग की दुकान चलाने वाला दुकानदार आजाद बच्चे पर चोरी का आरोप लगाने लगा। बच्चा लगातार रोते हुए खुद को निर्दोष बताता रहा, लेकिन दुकानदार ने उसकी एक नहीं सुनी। बताया जा रहा है कि दुकानदार आजाद बच्चे को पकड़कर अपनी दुकान के अंदर ले गया और वहां रखे डीप फ्रीजर में बंद कर दिया। करीब दो मिनट तक बच्चा फ्रीजर के अंदर बंद रहा। इस दौरान बच्चा डर और ठंड से कांपते हुए रोता रहा और बार-बार माफी मांगता रहा। घटना के दौरान मौजूद कुछ लोगों ने दुकानदार से बच्चे के बारे में पूछा, लेकिन वह गालियां देते हुए बच्चे पर गुस्सा निकालता रहा। सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि दुकानदार एक बार फ्रीजर का ढक्कन खोलता है और बच्चे को धमकाते हुए पूछता है कि क्या वह दोबारा चोरी करेगा। बच्चे के मना करने के बावजूद वह उसे दोबारा फ्रीजर में बंद कर देता है। दुकानदार आजाद इस दौरान चिल्लाता भी रहा कि इलाके के बच्चे दुकानों से चोरी करते हैं और उनकी वजह से दुकानदारों का जीना मुश्किल हो गया है। उसने कहा कि सबक सिखाने के लिए उसने ऐसा किया है। इसी बीच किसी ने इस घटना की सूचना बच्चे के पिता और पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही बच्चे के पिता इमरान मौके पर पहुंचे और बेटे को फ्रीजर से बाहर निकलवाया। इसके बाद उन्होंने पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की। बच्चे के पिता इमरान ने बताया कि वह ट्रैक्टर-टाली से ढुलाई का काम करते हैं और उनके 10 बच्चे हैं, जिनमें 4 बेटे और 6 बेटियां शामिल हैं। अनस उनके बच्चों में आठवें नंबर पर है और वह प्राथमिक विद्यालय में कक्षा दो का छात्र है। उन्होंने बताया कि उनका बेटा केवल दुकान से सामान लेने गया था, लेकिन दुकानदार ने उसे फ्रीजर में बंद कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी दुकानदार आजाद को गिरफ्तार कर लिया। बच्चे को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है।थाना प्रभारी अवनीश कुमार ने बताया कि आरोपी की डेंटिंग-पेंटिंग की दुकान है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बच्चे ने उसकी दुकान से कुछ सामान उठा लिया था। इसी बात से नाराज होकर दुकानदार ने बच्चे को सजा देने के लिए करीब दो मिनट तक फ्रीजर में बंद कर दिया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
