– 10 से 12 जुलाई तक 32 हजार पौधारोपण के साथ नशामुक्ति, महिला सशक्तिकरण और प्रतिभा सम्मान पर रहेगा फोकस
हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ जिले के स्थापना दिवस (12 जुलाई) को इस वर्ष अधिक भव्य, जनसहभागिता और सांस्कृतिक वैभव के साथ ‘पंच गौरव भटनेर उत्सवÓ के रूप में मनाया जाएगा। जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में तीन दिवसीय कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तय की गई। जिला प्रशासन का उद्देश्य स्थापना दिवस को केवल सरकारी आयोजन तक सीमित न रखकर गांव-गांव तक पहुंचाना है, ताकि प्रत्येक नागरिक जिले के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति, उपलब्धियों और प्रतिभाओं से रूबरू हो सके। अतिरिक्त जिला कलक्टर उम्मेदीलाल मीणा ने बताया कि 10 से 12 जुलाई तक जिलेभर में सामाजिक, सांस्कृतिक, खेल, पर्यावरण एवं जनजागरूकता से जुड़े कुल 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह पूरे जिले का उत्सव है और इसमें आमजन, सामाजिक संगठनों, भामाशाहों तथा विभिन्न विभागों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उत्सव का शुभारंभ 10 जुलाई को सुबह तिरंगा नशा मुक्ति रैली से होगा। लगभग 32 किलोमीटर लंबी साइकिल रैली के माध्यम से युवाओं और ग्रामीण क्षेत्रों में नशामुक्ति का संदेश दिया जाएगा। इसी दिन गो-सेवा, संत समागम एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित होगा। जिले के सभी राजकीय विद्यालयों में हनुमानगढ़ गॉट टैलेंट के तहत त्रिस्तरीय प्रश्न प्रतियोगिता, पोस्टर चित्रांकन और फोटोग्राफी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। शाम को टाउन स्थित सेंट्रल पार्क में रंग-तरंग सांस्कृतिक संध्या, स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां, स्टॉल और प्रतिभा सम्मान समारोह होगा।
खेल, विकास प्रदर्शनी और लोक संस्कृति का संगम
11 जुलाई को जिला क्लब में प्रशासन और पत्रकारों के बीच मैत्री क्रिकेट मैच, महिला एवं पुरुष रस्साकशी तथा अन्य स्थानीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। ब्लॉक एवं पंचायत स्तर पर भी खेल प्रतियोगिताएं होंगी। जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय में पंच गौरव गाथा विकास प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जबकि शाम को सेंट्रल पार्क में लोक रंग कार्यक्रम के तहत स्थानीय कलाकार अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। 12 जुलाई को जिला स्थापना दिवस के अवसर पर सुबह भटनेर दुर्ग स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके बाद रन फॉर कार्यक्रम आयोजित होगा। दोपहर बाद जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय में जिले की ऐतिहासिक धरोहर, विकास और संभावनाओं पर ‘पंच गौरव समृद्धि संवाद संगोष्ठी होगी। उत्सव का समापन शाम को राजीव गांधी स्टेडियम में सुरमयी संध्या स्टार नाइट के साथ होगा। इसमें प्रसिद्ध पंजाबी सूफी गायक कंवर ग्रेवाल को आमंत्रित किया गया है।
32 हजार पौधों का होगा रोपण
उत्सव के दौरान एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत 10 से 12 जुलाई तक जिलेभर में 32 हजार पौधे लगाए जाएंगे। वहीं नगर परिषद और नगरपालिकाओं की ओर से प्रमुख चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों को आकर्षक सजावट से संवारा जाएगा। प्रशासन ने सभी विभागों को कार्यक्रमों के सफल संचालन की जिम्मेदारी सौंप दी है। जिला प्रशासन के अनुसार इस वर्ष के पंच गौरव भटनेर उत्सव की प्रमुख विशेषताएं जिले की प्रतिभाओं का सम्मान, महिला सशक्तिकरण, नशामुक्ति जनजागरण, सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण, खेल गतिविधियों को बढ़ावा और व्यापक जनभागीदारी रहेंगी। उद्देश्य स्थापना दिवस को जिले के प्रत्येक नागरिक का उत्सव बनाना है।
