– बेरोजगारी, महंगाई, पेपर लीक और नशे जैसे मुद्दों पर होगी चर्चा, प्रदेशभर से जुटेंगे युवा कार्यकर्ता
हनुमानगढ़। भारत की जनवादी नौजवान सभा (डीवाईएफआई) राजस्थान द्वारा 12 एवं 13 जून को सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ में आयोजित किए जाने वाले राज्य स्तरीय प्रशिक्षण शिविर के पोस्टर का विमोचन सोमवार को किया गया। पोस्टर विमोचन कार्यक्रम डीवाईएफआई हनुमानगढ़ जिला महासचिव वेद मक्कासर के नेतृत्व में संपन्न हुआ। संगठन के अनुसार दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता और पदाधिकारी भाग लेंगे। शिविर में युवाओं के समक्ष मौजूद प्रमुख समस्याओं जैसे बेरोजगारी, महंगाई, पेपर लीक और युवाओं में बढ़ते नशे के प्रभाव पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। साथ ही इन समस्याओं के समाधान और जनसंघर्षों को मजबूत बनाने की रणनीति भी तैयार की जाएगी। डीवाईएफआई नेताओं ने बताया कि शिक्षा, रोजगार, सुरक्षित भविष्य और नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए युवाओं को संगठित करना वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इसी उद्देश्य को लेकर आयोजित प्रशिक्षण शिविर में वैचारिक चर्चा, विचार-विमर्श तथा संगठनात्मक प्रशिक्षण के विभिन्न सत्र आयोजित किए जाएंगे। शिविर का शुभारंभ 12 जून को सुबह 11 बजे विशाल रैली के साथ होगा। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष सौरभ जैन, प्रदेश महासचिव किशोर मांडोता सहित प्रदेश और जिला स्तर के अनेक पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। डीवाईएफआई नेताओं ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि अपने अधिकारों और समस्याओं के समाधान के लिए चल रहे जनआंदोलनों को मजबूत बनाना जरूरी है। संगठन का मानना है कि युवाओं की एकजुटता से ही रोजगार, शिक्षा और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी संघर्ष संभव है।
