टिब्बी। टिब्बी क्षेत्र में तेज रफ्तार जीप की टक्कर से एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद जीप चालक मौके से फरार हो गया। इस संबंध में टिब्बी पुलिस थाना में वार्ड 13, तलवाड़ा झील निवासी सुरेश कुमार (48) पुत्र अमर सिंह सोनी ने मुकदमा दर्ज करवाया है। सुरेश कुमार ने लिखित रिपोर्ट पेश कर बताया कि उनके पिता अमर सिंह सुबह बाइक नम्बर आरजे 31 एसएफ 3358 पर सवार होकर शादी समारोह में शामिल होने के लिए संगरिया जा रहे थे। रिपोर्ट के अनुसार जब अमर सिंह डॉ. परम नवदीप की कोठी के पास पहुंचे तो सामने से आ रही जीप नम्बर सीआईएच 373 के चालक ने तेज गति व लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में अमर सिंह के दाएं पैर, दाएं हाथ और सिर के दाईं ओर गंभीर चोटें आईं। टक्कर मारने के बाद जीप चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना किसी व्यक्ति ने घायल के मोबाइल से परिजनों को दी। सूचना मिलते ही सुरेश कुमार मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों ने भी जीप चालक की ओर से तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चलाने की बात कही। घायल को तुरंत सरकारी अस्पताल टिब्बी ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर हनुमानगढ़ रेफर किया गया। वहां से भी स्थिति नाजुक होने पर बीकानेर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच सहायक उप निरीक्षक प्रमिन्द्र कुमार को सौंपी है।
