हनुमानगढ़। नेठराना निवासी अभिषेक शर्मा की हत्या के मामले में हनुमानगढ़ पुलिस द्वारा सघन कार्रवाई जारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अलग-अलग विशेष टीमें गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर जुटाई जा रही सूचनाओं के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है। जिला पुलिस प्रशासन ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी व्यक्ति को इस हत्याकांड से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी प्राप्त हो तो वह तुरंत हेल्पलाइन नंबर 8764531201 पर संपर्क कर सकता है। यह हेल्पलाइन नंबर स्वयं जिला पुलिस अधीक्षक, हनुमानगढ़ द्वारा संचालित किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से निसंकोच होकर आगे आने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। मामले में शीघ्र खुलासा करने के लिए पुलिस टीमें निरंतर प्रयासरत हैं।
