-‘संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान के तहत कलेक्ट्रेट पहुंचकर सौंपा ज्ञापन
हनुमानगढ़। पंचायतीराज एवं निकाय चुनाव समय पर नहीं कराए जाने के विरोध में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान के तहत जोरदार प्रदर्शन किया। जंक्शन स्थित जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में आयोजित सभा के बाद कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्ट्रेट तक रोष मार्च निकालकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। सभा में मुख्य अतिथि के रूप में जिला प्रभारी पूसाराम गोदारा ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पंचायत और निकाय चुनावों को बार-बार टालना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय लोकतंत्र की नींव होते हैं और समय पर चुनाव नहीं होने से जनता का विश्वास कमजोर होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

सहप्रभारी डॉ. सुनील लारा ने आरोप लगाया कि सरकार प्रशासनिक विफलताओं को छुपाने के लिए जानबूझकर चुनावों में देरी कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। लोकसभा सांसद कुलदीप इंदौरा ने कहा कि संविधान में लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने का प्रावधान है, लेकिन वर्तमान सरकार इन संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस हमेशा अग्रिम पंक्ति में खड़ी रही है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने संगठन को मजबूत बनाने पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करना होगा।

उन्होंने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए आगामी कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। पीलीबंगा से कांग्रेस प्रत्याशी विनोद गोठवाल ने कहा कि पंचायत व निकाय चुनाव नहीं होने के कारण ग्रामीण और शहरी स्तर पर विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं तथा जनता को उनके प्रतिनिधि नहीं मिल पा रहे हैं। वहीं संगरिया विधायक अभिमन्यु पुनिया ने आरोप लगाया कि सरकार जनता से जुड़े मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए चुनाव टाल रही है और यह लोकतंत्र की मूल भावना के विपरीत है। पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र दादरी व पीसीसी सदस्य भूपेन्द्र चौधरी ने भी संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र की रक्षा के लिए हमेशा संघर्ष करती रही है और यदि जल्द चुनाव नहीं कराए गए तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।

सभा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कांग्रेस कार्यालय से जिला कलेक्ट्रेट तक रोष मार्च निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पंचायत व निकाय चुनाव जल्द कराने की मांग की। अंत में जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। कार्यक्रम में सुरेश चौधरी, प्रवीणा मेघवाल, संजय मेघवाल, प्रेमराज नायक, बालचंद ज्याणी, पूर्व प्रधान जयदेव भीड़ासरा, गुरदीप चहल, मनोज सैनी, इकरामुद्दीन कुरैशी, इशाक खान, राज चौधरी, अजय स्वामी, जयराम ढुकिया, मांगीलाल स्वामी, लोकेन्द्र भाटी, रूपचंद बामणिया, संतलाल मेघवाल, रणजीत किरोड़ीवाल, अग्रिम संगठनों के जिलाध्यक्ष मनमोहन सोनी, सीताराम कड़वा, सुरेन्द्र मारवाल, महावीर सहारण, बृजलाल मीणा, विनोद बुडानिया, अश्विनी पारीक, ब्लॉक अध्यक्ष राजेश्वरी शेर सिंह गोस्वामी, देवीलाल मटोरिया, बलवीर पीलीबंगा, सुधीर गोदारा, बनवारीलाल सुथार, वेदप्रकाश सिहाग, संदीप सिद्धू, जिनेन्द्र जैन ‘बेबी’ सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आमजन मौजूद रहे।

