हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ पेट्रोलियम एसोसिएशन ने जिले में कथित रूप से चल रहे पेट्रोल-डीजल के अवैध भंडारण, परिवहन और विक्रय के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर गुरुवार को जिला कलक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन का आरोप है कि पड़ोसी राज्यों पंजाब और हरियाणा से बड़ी मात्रा में डीजल लाकर जिले के विभिन्न गांवों में अवैध रूप से बेचा जा रहा है। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष पतराम भांभू ने बताया कि पंजाब और हरियाणा में पेट्रोल-डीजल की कीमतें अधिक होने के कारण कुछ लोग वहां से ईंधन लाकर हनुमानगढ़ जिले में अवैध रूप से बिक्री कर रहे हैं। इस संबंध में 22 मार्च 2024 को तहसीलवार सूची भी प्रशासन को उपलब्ध करवाई गई थी तथा समय-समय पर जिला प्रशासन और जिला रसद अधिकारी को भी अवगत कराया जाता रहा है, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। भांभू ने आरोप लगाया कि जिला मुख्यालय से करीब छह किलोमीटर दूर ग्राम मक्कासर की गली नम्बर 2 में एक दुकान पर तथा ग्राम कोहला में एक होटल के सामने स्थित परिसर में बड़े पैमाने पर डीजल और पेट्रोल की अवैध बिक्री की जा रही है। इसके अलावा ग्राम लखूवाली में पुलिस चौकी के निकट भी दो दुकानों पर खुलेआम ईंधन बेचे जाने का दावा किया गया है। सचिव विपुल धमीजा व दीपक गोयल ने आरोप लगाया कि जिले के विभिन्न गांवों में सैकड़ों पिकअप वाहन अवैध डीजल सप्लाई के कार्य में लगे हुए हैं। ज्ञापन में कुछ वाहनों के पंजीकरण नम्बरों का भी उल्लेख करते हुए इनके माध्यम से प्रतिदिन पंजाब से डीजल लाकर होटलों और अन्य स्थानों पर आपूर्ति किए जाने का आरोप लगाया गया है। हनुमानगढ़ पेट्रोलियम एसोसिएशन ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच करवाने तथा अवैध रूप से पेट्रोल-डीजल के भंडारण, परिवहन और बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। इसके अलावा एसोसिएशन ने जिला कलक्टर को एक अन्य ज्ञापन सौंपकर प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री की रैलियों में जाने वाली बसों में भरे गए डीजल के बिलों का भुगतान करने की मांग की। साथ ही एसोसिएशन ने भविष्य में इस तरह की किसी भी रैली में पम्प मालिकों की ओर से बिना अग्रिम भुगतान किसी भी वाहन में डीजल की आपूर्ति नहीं करने का निर्णय लेने की बात कही गई।
