हनुमानगढ़। गोलूवाला पुलिस थाना में एक युवक की शिकायत पर उसकी पत्नी और ससुराल पक्ष के खिलाफ कथित रूप से दूसरी शादी करने, वैवाहिक तथ्य छिपाने, धोखाधड़ी करने तथा सोने के आभूषण ले जाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। न्यायिक मजिस्ट्रेट पीलीबंगा के आदेश पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार वार्ड नम्बर 19, गोलूवाला निवासी 28 वर्षीय संजय कुमार पुत्र बद्रीप्रसाद जाट ने अदालत में इस्तगासा प्रस्तुत किया था। परिवाद में सुनीता पुत्री छोटूराम जाट निवासी चक 22 एनडीआर, उसकी माता शारदा पत्नी छोटूराम, भाई दिनेश कुमार पुत्र छोटूराम तथा एक अन्य अज्ञात व्यक्ति को नामजद किया गया है। परिवादी ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2022 में सुनीता के साथ हिन्दू रीति-रिवाज से हुई थी तथा विवाह का पंजीकरण भी कराया गया था। विवाह समारोह पर करीब 20 लाख रुपए खर्च किए गए थे। करीब डेढ़ वर्ष पहले उसकी पत्नी बिना किसी उचित कारण के अपने मायके चली गई और वापस नहीं लौटी। जब वह 4 मार्च 2026 को पत्नी को वापस लाने के लिए ससुराल पहुंचा तो उसे जानकारी मिली कि उसकी पत्नी ने कथित रूप से एक अन्य व्यक्ति से दूसरी शादी कर ली है और उससे एक पुत्री भी जन्मी है। शिकायतकर्ता का दावा है कि उसके और पत्नी के बीच कानूनी रूप से तलाक नहीं हुआ था, इसके बावजूद दूसरी शादी की गई। संजय कुमार ने यह भी आरोप लगाया कि पत्नी मायके जाते समय उसकी माता के करीब पांच तोला सोने के आभूषण अपने साथ ले गई थी। पूछताछ करने पर उसने कथित रूप से आभूषण लौटाने से इनकार कर दिया। न्यायालय के आदेश के बाद गोलूवाला थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण की जांच हेड कांस्टेबल धर्मपाल को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
